विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) के 2020-21 फाइनल में उत्तर प्रदेश के खिलाफ क्षेत्ररक्षण के दौरान मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ घायल हो गए। उनकी चोट इतनी गंभीर है कि दाएं हाथ के इस स्टार बल्लेबाज को गोद में उठाकर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा। पृथ्वी शॉ विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह इस टूर्नामेंट के इतिहास में 750 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं।

पृथ्वी को उत्तर प्रदेश की पारी के दौरान 24वें ओवर में चोट लगी। वह पहली स्लिप पर फील्डिंग कर रहे थे। मुंबई के युवा स्पिनर प्रशांत सोलंकी गेंद फेंक रहे थे। उत्तर प्रदेश के माधव कौशिक स्ट्राइक पर थे। पहली गेंद पर माधव का कैच छूटा और उन्होंने दो रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी गेंद पर वह कोई रन नहीं ले पाए। तीसरी गेंद पर उन्होंने तेज शॉट मारा और गेंद बहुत तेजी के साथ पहली स्लिप पर खड़े पृथ्वी शॉ के पैर के आगे के हिस्से में जा लगी। पृथ्वी शॉ दर्द से कराहते हुए वहीं गिर पड़े। उन्हें टीम के साथियों और फिजियो द्वारा तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया।

पृथ्वी ने 39 गेंद में ठोके 73 रन, मुंबई ने ली राहत की सांस

हालांकि, मुंबई के लिए अच्छी बात यह हुई कि बल्लेबाजी आने से पहले पृथ्वी फिट हो गए। वह उत्तर प्रदेश की पारी के आखिरी के ओवर्स में फील्डिंग के लिए मैदान पर भी आए। उन्होंने यूपी के ऑलराउंडर अक्षदीप नाथ को रन आउट भी किया। पृथ्वी के फिट होने से मुंबई टीम मैनेजमेंट ने राहत की सांस ली। उन्होंने बल्लेबाजी में भी दम दिखाया। हालांकि, वह टूर्नामेंट में 5वां शतक लगाने से चूक गए। पृथ्वी 39 गेंद में 73 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के लगाए।

बता दें पृथ्वी शॉ इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में दिखे। उन्होंने एक नाबाद दोहरे शतक समेत कुल चार शतक लगाए। उन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 827रन बनाए। इसमें नाबाद 105, नाबाद 227, नाबाद 185 और 165 रन भी शामिल हैं। यदि वह पांचवां शतक लगा लेते तो टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाते।

उत्तर प्रदेश ने मुंबई को दिया 313 रन का लक्ष्य

विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में उत्तर प्रदेश में टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने ओपनर माधव कौशिक के नाबाद 158 रन की बदौलत 50 ओवर में 4 विकेट पर 312 रन बनाए। समर्थ सिंह का विकेट प्रशांत सोलंकी ने लिया। समर्थ ने 73 गेंद में 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 55 रन बनाए।

दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में हालांकि, कप्तान करन शर्मा कुछ खास नहीं कर पाए। वह तनुष कोटियान की गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। युवा बल्लेबाज प्रियम गर्ग ने 26 गेंद में दो चौके की मदद से 21 रन की पारी खेली। अक्षदीप नाथ 55 रन के स्कोर पर रन आउट हुए। विकेटकीपर उपेंद्र यादव 9 रन बनाकर नाबाद रहे।