भारतीय कप्तान विराट कोहली और विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी की जुगलबंदी किसी से छिपी नहीं है। विराट को साल 2008 में पहला मौका महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान दिया था। अब विराट कप्तान हैं और धोनी उन्हीं के अंडर खेल रहे हैं। लेकिन दांबुला वनडे से पहले प्रैक्टिस के दौरान एक मजेदार वाकया हुआ। विराट कोहली नेट्स पर प्रैक्टिस कर रहे थे और उन्होंने इस दौरान लगातार तीन गगनचुंबी छक्के लगाए। लेकिन जैसे ही महेंद्र सिंह धोनी नेट्स पर आए तो वह तुरंत वहां से चल दिए और जाते-जाते अपना बल्ला हवा में हेलिकॉप्टर के ब्लेड की तरह घुमाने लगे। कोहली का तरीका धोनी के आने का संकेत था, जो हेलिकॉप्टर शॉट के लिए जाने जाते हैं। यह वीडियो बीसीसीआई के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अपलोड किया गया है। इसे अब तक 3800 लोगों ने लाइक और 532 लोगों ने री-ट्वीट किया है। अब देखना यह है कि धमाकेदार शुरुआत के बाद धोनी वनडे सीरीज में क्या कमाल दिखाते हैं।
श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराने के बाद टीम इंडिया ने वनडे सीरीज में भी धमाकेदार आगाज किया है। शिखर धवन और विराट कोहली की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने दांबुला वनडे में 9 विकेट शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। शिखर धवन ने विस्फोटक पारी खेलते हुए 132 और विराट कोहली ने 82 रन बनाए। अब दूसरा वनडे 24 अगस्त को खेला जाएगा।
देखें वीडियो ः
Some big shots and a pep talk to wrap up the training session – @imVkohli @RaviShastriOfc #SLvIND #TeamIndia pic.twitter.com/FvjaSgfem2
— BCCI (@BCCI) August 20, 2017
5 मैचों की इस सीरीज में युवा खिलाड़ियों को अपना दमखम दिखाने का मौका मिलेगा, वहीं पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सामने खुद को साबित करने की चुनौती होगी। चूंकि विराट और धवन की पारियों की बदौलत ही भारत मैच जीत गया, इसलिए महेंद्र सिंह धोनी समेत अन्य खिलाड़ियों को बल्लेबाजी करने का मौका ही नहीं मिला। लेकिन धोनी ने एक बार फिर अपने दस्तानों का जादू पहले मैच में दिखाया। उन्होंने बड़ी तेजी से लसिथ मलिंगा को स्टंप आउट कर पवेलियन भेजा।

