भारत-इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट का तीसरा टेस्ट तीसरे दिन शनिवार (12 जुलाई) का खेल समाप्त होने के बाद बराबरी पर खड़ा है। इंग्लैंड की पहली पारी में 387 रन के जवाब में भारतीय टीम भी पहली पारी में 387 रन बना पाई। तीसरे दिन के आखिरी ओवर में गजब ड्रामा देखने को मिला। इंग्लैंड की टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी। 2 ओवर के खेल का समय बचा था। इंग्लैंड के ओपनर जैक क्रॉली और बेन डकेट समय बर्बाद कर रहे थे, ताकि ज्यादा ओवर का खेल न हो। यह चीज भारतीय टीम को पसंद नहीं आई। इसके बाद भारत के नए कप्तान शुभमन गिल की ‘गुंडागर्दी’ देखने को मिली।

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। क्रॉली ने दूसरी गेंद पर 2 रन लेकर खाता खोला। इसके बाद क्रॉली को समय बर्बाद करते देखा गया। यह चीज बुराह को पसंद नहीं आई। जैसे ही बुमराह गेंद डालने के लिए बढ़े क्रॉली स्ट्राइक से हट गए। भारतीय खिलाड़ी इससे भड़क गए। गिल को स्लिप से चिल्लाते देखा गया। दूसरे फील्डर भी क्रॉली की तरफ बढ़े। मिड-ऑन पर मौजूद मोहम्मद सिराज को भी गुस्से में देखा गया।

गिल की ‘गुंडागर्दी’

चौथी गेंद के बाद क्रॉली को फिर समय बर्बाद करते देखा गया। वह ऐसा यह सुनिश्चित करने के लिए कर रहे थे कि इसके बाद एक और ओवर न हो। बुमराह की अगली गेंद क्रॉली के गलव्स पर लगी। उन्होंने फिजियो को बुलाया और भारतीय खिलाड़ी व्यंग्यात्मक लहजे में ताल्लियां बजाईं। फिजियो क्रॉली को देखने के लिए आए। भारतीय खिलाड़ियों की व्यंग्यात्मक तालियों के बाद माहौल थोड़ा गरमा गया। फिर गिल की ‘गुंडागर्दी’ देखने को मिली। वह क्रॉली के पास दौड़े और पवेलियन की ओर कुछ इशारा किया। क्रॉली और उनके बीच तीखी बातचीत हुई। डकेट भी बीच में आए। गिल ने उंगली दिखाकर उन्हें भी कुछ कहा।

भारत ने पहली पारी में 387 रन बनाए

इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में 1 ओवर में बगैर विकेट के 2 रन बनाए। उसके पास 2 रन की बढ़त है। जैक क्रॉली 2 और बेन डकेट बगैर खाता खोले क्रीज पर। जसप्रीत बुमराह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। इंग्लैंड की पहली पारी में 387 रन के जवाब में भारतीय टीम भी पहली पारी में 387 रन पर आउट हो गई। केएल राहुल ने 100 रन बनाए। ऋषभ पंत और रविंद्र जडेजा ने अर्धशतक जड़ा।