अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारत ने उदय सहारन की कप्तानी में फाइनल में जगह बनाई। भारत के लिए यह नौवां मौका है जब उसने इस टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई साथ ही साथ उदय भारत के नौवें कप्तान बने जिनकी अगुआई में भारत ने फाइनल तक पहुंचने में सफलता हासिल की। उदय से पहले आठ कप्तानों ने भारत को फाइनल तक पहुंचाया था और इसमें से 5 ने टीम को खिताबी जीत भी दिलाई थी, लेकिन 3 को फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।
मोहम्मद कैफ की कप्तानी में भारत पहली बार फाइनल में पहुंचा
अंडर-19 वर्ल्ड कप की शुरुआत 1988 में पहली बार हुई थी और ऑस्ट्रेलिया चैंपियन बनी थी, लेकिन भारत ने पहली बार फाइनल में साल 2000 में मो. कैफ की कप्तानी में जगह बनाई थी और फाइनल में श्रीलंका को 6 विकेट से हराकर पहली बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इसके बाद भारत ने साल 2008 में विराट कोहली की कप्तानी में दूसरी बार यह खिताब अपने नाम किया था और फाइनल में इस साल भारत ने साउथ अफ्रीका को 12 रन से हराया था।
भारत ने तीसरी बार फाइनल में साल 2012 में उन्मुक्त चंद की कप्तानी में जगह बनाई थी और इस साल टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराकर यह खिताब जीता था। वहीं साल 2018 में भारत ने चौथी बार यह खिताब पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जीता था और फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था। भारत ने पांचवीं बार यह कमाल साल 2022 में किया था और यश ढुल की कप्तानी में इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर यह खिताब अपने नाम किया था। भारत ने अब तक 2000, 2008, 2012, 2018, 2022 में यह खिताब जीता है। भारत को 2006 में रविकान्त शुक्ला, 2016 में इशान किशन और 2020 में प्रियम गर्ग की कप्तानी में फाइनल में हार मिली थी।
आईसीसी अंडर-19 विश्व कप फाइनल में भारत का नेतृत्व करने वाले कप्तान
2000 – मोहम्मद कैफ
2006 – रविकान्त शुक्ला
2008 – विराट कोहली
2012 – उन्मुक्त चंद
2016 – ईशान किशन<br>2018 – पृथ्वी शॉ
2020 – प्रियम गर्ग
2022 – यश ढुल
2024 – उदय सहारन