भारत की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने देशवासियों को नया साल को तोहफा दिया। उसने 31 दिसंबर 2021 की शाम दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एसीसी अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट के फाइनल में श्रीलंका को 9 विकेट से हराया।

भारत ने लगातार तीसरी और कुल 8वीं बार यह खिताब जीता है। वह सिर्फ 2017 में यह खिताब नहीं जीत पाया था। तब पाकिस्तान को 185 रन से हराकर अफगानिस्तान की टीम चैंपियन बनी थी। भारत ने 2018 में श्रीलंका को 144 रन और 2019 में बांग्लादेश को 5 रन से हराया था। कोरोना के कारण साल 2020 में अंडर-19 एशिया कप का आयोजन नहीं हुआ था।

इस जीत के साथ भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2021-22 में सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड (विकेटों के लिहाज से) पाकिस्तान के नाम था। पाकिस्तान ने 23 दिसंबर 2021 को अफगानिस्तान को 4 विकेट से हराया था। इस सीजन सबसे ज्यादा रन से जीत हासिल करने का रिकॉर्ड पहले ही भारतीय टीम अपने नाम कर चुकी है। उसने 30 दिसंबर 2021 को बांग्लादेश को 103 रन से हराया था।

बारिश के कारण इस मैच को 50-50 की जगह 38-38 ओवरों का कर दिया गया था। इस मैच में श्रीलंका ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 38 ओवर में 9 विकेट पर 106 रन बनाए। हालांकि, डवकर्थ लुईस मैथेड के अनुसार भारत को जीत के लिए 102 रन का लक्ष्य मिला था। भारत ने 21.3 ओवर में एक विकेट पर 104 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। ओपनर हरनूर सिंह 5 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू हो गए। उस समय भारत के खाते में 4.1 ओवर में सिर्फ 8 रन ही जुड़े थे। हालांकि, इसके बाद सलामी बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी और शेख रशीद ने कोई विकेट गिरने नहीं दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन की नाबाद साझेदारी की और टीम को चैंपियन बना दिया।

अंगकृष रघुवंशी ने नाबाद 56 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शेख रशीद 31 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए बाएं हाथ के स्पिनर विक्की ओस्तवाल ने 11 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि ऑफ स्पिनर कुशल तांबे की झोली में दो सफलताएं आईं। श्रीलंका की ओर से रवीन डिसिल्वा ने सबसे ज्यादा 15 रन का योगदान दिया।