भारत ने अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अपना स्थान लगभग पक्का कर लिया है। टीम इंडिया ने मंगलवार को नेपाल के खिलाफ 10 विकेट से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के बाद भारतीय टीम ग्रुप ए में 4 पॉइंट के साथ टॉप पर पहुंच गई है। भारत की ये तीसरे मैच में दूसरी जीत है। भारत को सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ हाल का सामना करना पड़ा है।

राज लिम्बानी की घातक गेंदबाजी

नेपाल के खिलाफ मैच में भारतीय टीम को 10 विकेट से बड़ी जीत मिली। भारत ने पहले गेंदबाजी करते हुए नेपाल को 52 रन पर ऑलआउट कर दिया था। भारतीय गेंदबाजी यूनिट से राज लिम्बानी नेपाल की टीम पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने इस मैच 9.1 ओवर की गेंदबाजी में सिर्फ 13 रन देकर 7 विकेट चटकाए। अपने इस स्पैल में लिम्बानी ने 3 ओवर मेडन निकाले। अराध्य शुक्ला को 2 और अर्शिन कुलकर्णी को 1 विकेट मिला।

भारत ने 7.1 ओवर में ही हासिल किया लक्ष्य

53 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने इस लक्ष्य को 8वें ओवर में ही हासिल कर लिया। आदर्श सिंह (13) और अर्शिन कुलकर्णी (43) ने 7.1 ओवर में ही भारत को जीत दिला दी। अर्शिन ने 30 गेंद में 43 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और पांच छक्के लगाए। आदर्श ने अपनी पारी में 13 गेंद में 13 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके लगाए।

राज लिम्बानी ने बनाया रिकॉर्ड

नेपाल के खिलाफ घातक गेंदबाजी करने वाले राज लिम्बानी बड़ौदा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। उन्होंने अंडर 19 क्रिकेट का किसी भी भारतीय गेंदबाज की ओर से दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। लिम्बानी से पहले इरफान पठान के नाम अंडर-19 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज है। पठान ने 2003 में बांग्लादेश के खिलाफ 16 रन देकर 9 विकेट चटकाए थे। अंडर 19 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लॉयड पोप ने 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ 35 रन देकर 8 विकेट लिए थे। अब तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन राज लिम्बानी का हो गया है।