आइल ऑफ मैन टीटी इवेंट में 10 जून 2022 को एक और दर्दनाक हादसा हुआ। रेस में हिस्सा ले रहे पिता रोजर स्टॉकटन और उनके बेटे ब्रैडली स्टॉकटन की मौत हो गई। यह दुर्घटना शुक्रवार को दूसरी साइडकार रेस के दूसरे लैप के दौरान एगो लीप में हुई। 56 साल के रोजर स्टॉकटन गाड़ी चला रहे थे और उनका 21 साल का बेटा ब्रैडली यात्री सीट पर था। इस साल के आइल ऑफ मैन टीटी इवेंट में रेसिंग के दौरान अब तक पांच सवारों की मौत हो चुकी है।

आइल ऑफ मैन टीटी रेसेस (Isle of Man TT Races) की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि आइल ऑफ मैन टीटी रेस टीटी 2022 की दूसरी साइडकार रेस के अंतिम लैप पर हुई एक दुर्घटना के बाद रोजर स्टॉकटन और ब्रैडली स्टॉकटन का निधन हो गया है। हम उनके परिवार, प्रियजन और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।’

इस प्रतियोगिता का आयोजन आइललैंड की सार्वजनिक सड़क पर होता है। रोजर स्टॉकटन और ब्रैडली स्टॉकटन इंग्लैंड के कस्बे क्रेवे के रहने वाले थे। रोजर स्टॉकटन 11वीं बार आइल ऑफ मैन टीटी इवेंट में हिस्सा ले रहे थे। उनकी यह 20वीं रेस थी। उन्होंने अपने करियर में 12 बार शीर्ष-20 और चार बार शीर्ष-10 में रहते हुए फिनिश किया। साथ ही साथ 10 ब्रॉन्ज रेप्लिका भी हासिल कीं। ब्रैडली स्कॉकटन अपने पहले टीटी इवेंट में दूसरी रेस में प्रतिस्पर्धा कर रहे थे। पिता-पुत्र की जोड़ी इस सीजन की पहली साइडकार रेस में आठवें स्थान पर रही थी।

पिछले सप्ताह अभ्यास के दौरान एक दुर्घटना के बाद वेल्श के राइडर मार्क पर्सलो का निधन हो गया था। वहीं, सोमवार यानी 6 जून 2022 को उत्तरी आयरलैंड के रेसर डेवी मॉर्गन को एक दुर्घटना के बाद घातक चोटें आईं। बाद में उनकी मौत गई थी।

आइल ऑफ मैन ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच आयरिश सागर में स्थित एक द्वीपीय राष्ट्र और स्वशासी ब्रिटिश क्राउन डिपेंडेंसी है। इसकी महारानी एलिजाबेथ द्वितीय हैं। उन्हें Lord of Mann की उपाधि हासिल है। उनका प्रतिनिधित्व एक लेफ्टिनेंट गवर्नर करते हैं। द्वीप की सैन्य रक्षा की जिम्मेदारी यूनाइटेड किंगडम की है।