टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले तिलक वर्मा के चोटिल होने के कारण भारत को बड़ा झटका लगा है। तिलक वर्मा की ग्रोइन की समस्या के लिए सर्जरी हुई है, जिससे उन्हें बहुत ज्यादा दर्द हो रहा था। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और अगले महीने होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में भी उनके खेलने पर संदेह है। उन्हें उबरने में 3-4 हफ्ते का समय लगेगा। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इसे लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

तिलक वर्मा न्यूजीलैंड सीरीज के पहले तीन मैचों से बाहर, BCCI ने दी पूरी जानकारी; टी20 वर्ल्ड कप में खेलेंगे?

द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल के भारत की टी20 टीम में वापसी की संभावना नहीं है। असम के क्रिकेटर रियान पराग रेस में हैं। टी20 वर्ल्ड कप से तिलक वर्मा के बाहर होने पर भारतीय टीम के पास यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ जैसे विकल्प होंगे। आइए जानतें उन पांच विकल्पों के बारे में जिन्हें तिलक के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा सकता है।

T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान, ये है शेड्यूल और वेन्यू समेत पूरी जानकारी

रियान पराग- असम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले रियान पराग को तिलक वर्मा के रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है। वह भारत की टी20 टीम का हिस्सा रहे हैं। अगर कंधे की चोट से वह उबर जाते हैं तो उन्हें मौका मिल सकता है। वह विजय हजारे ट्रॉफी में नहीं खेल रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेले थे। 6 दिसंबर 2025 के बाद नहीं खेले हैं।

यशस्वी जायसवाल- तिलक वर्मा की जगह भारतीय टीम को टॉप-ऑर्डर का विकल्प चाहिए और यशस्वी से बेहतर विकल्प कौन हो सकता है? यशस्वी शीर्ष क्रम में खेलने के अलावा बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। उनका टी20 इंटरनेशनल में रिकॉर्ड भी शानदार है। यशस्वी ने भारत के लिए टी20 में 36.15 और 164.31 के स्ट्राइक रेट से 723 रन बनाए हैं। इसमें 5 अर्धशतक और 1 शतक शामिल हैं।

श्रेयस अय्यर– भारत के वनडे टीम के उपकप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स (PBKS) के शीर्ष क्रम खासकर नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया था। श्रेयस ने 17 पारियों में 50.33 के औसत और 175.07 के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए थे। नाबाद 97 उनका सर्वोच्च स्कोर है। हालांकि वह भारत की टी20 टीम से दिसंबर 2023 से बाहर हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ – ऋतुराज गायकवाड़ भी टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के इस खिलाड़ी की शैली शुभमन गिल जैसी है। वह पहली गेंद से गेंदबाजों पर अटैक नहीं करते, लेकिन टिकने के बाद बड़ी पारी खेलते हैं। ऋतुराज ने भारत के लिए टी20 में 20 पारियों में 39.56 के औसत और 143.53 के स्ट्राइक रेट 633 रन बनाए हैं। टी20 में उन्होंने 145 परियों में 39.07 के औसत और 150.54 के स्ट्राइक रेट से 5002 रन बनाए हैं।

देवदत्त पडिक्कल– देवदत्त पडिक्कल ने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि, यह फॉर्मेट अलग है, लेकिन वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और टी20 क्रिकेट में भी उनका फॉर्म अच्छा रहा है। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 6 पारियों में 61.80 के औसत और 167.02 के स्ट्राइक रेट से 309 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं।