भारतीय क्रिकेट के इतिहास में 10 जुलाई की तारीख काफी महत्वपूर्ण है। टीम के दो पूर्व दिग्गज कप्तानों का इस तारीख से खास कनेक्शन है। 10 जुलाई को लिटिल मास्टर सुनील मनोहर गावस्कर का जन्मदिन है। वह टेस्ट क्रिकेट में 10 हजार से ज्यादा रन बनाने वाले पहले क्रिकेटर थे। उनके जमाने की दिग्गज टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 टेस्ट में 13 शतक जड़े। वहीं भारत को 3 आईसीसी ट्रॉफी जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2019 में 10 जुलाई को इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी आखिरी पारी खेली थी। इंग्लैंड में खेले गए पिछले वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में टीम इंडिया को हराया था। यह मैच 9 जुलाई को होना था,लेकिन बारिश के कारण रिजर्व डे पर खिंच गया था।

2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया की हार 4 साल बाद भी फैंस को चुभती है। इसका सबसे बड़ा कारण महेंद्र सिंह धोनी का रन आउट होना था। दुनिया के सबसे बेहतरीन फिनिशर में शुमार धोनी इस बड़े मौके पर मैच फिनिश नहीं कर पाए। कारण बना मार्टिन गुप्टिल का डायरेक्ट थ्रो। थर्ड अंपायर ने जब आउट का फैसला दिया तो महेंद्र सिंह धोनी ही नहीं हर कोई मायूस था। फाइनल में पहुंचने की उम्मीद खत्म होने के बाद इंडियन ड्रेसिंग रूम भी काफी इमोशनल था। रोहित शर्मा भी रोते हुए दिखे थे। तब टीम के कप्तान विराट कोहली भी निराश थे।

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 239 रन बनाए। केन विलियमसन ने 67 और रॉस टेलर ने 74 रन बनाए। 240 रन के टारगेट के जवाब में रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली जैसे दिग्गजों ने कीवी तेज गेंदबाजों के आगे घुटने टेक दिए। चौथे ओवर में टीम 5 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। 31 वें ओवर में टीम इंडिया सिर्फ 92 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी।

धोनी रन आउट हुए और भारत का सपना टूटा

इसके बाद रविंद्र जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी के साथ 7वें विकेट के लिए 116 रन की साझेदारी की। जडेजा ने सिर्फ 59 गेंद पर 77 रन बनाकर टीम इंडिया की मैच में वापसी करा दी। जीत के लिए जब 13 गेंद पर 32 रन चाहिए थे तब जडेजा पवेलियन लौट गए। इसके बाद पूरा दारोमदार महेंद्र सिंह धोनी पर था, लेकिन वह 49वें ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए। तब टीम इंडिया का स्कोर 8 विकेट पर 216 रन था।

धोनी ने 15 अगस्त 2020 को लिया संन्यास

इसके बाद टीम इंडिया 49.3 ओवर में 221 रन पर ऑल आउट हो गई। न्यूजीलैंड ने 18 रन से जीत हासिल की। इत्तेफाक की बात है कि महेंद्र सिंह अपने पहले इंटरनेशनल मैच और आखिरी इंटरनेशनल मैच में रन आउट हुए। धोनी ने 15 अगस्त 2020 के अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह 10 जुलाई 2019 के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेले थे।