श्रीलंका ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में नामीबिया के खिलाफ मिली हार से उबरते हुए मंगलवार को शानदार वापसी की। उसने 18 अक्टूबर 2022 को यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) को 79 रन से हरा दिया। श्रीलंका से पहले नीदरलैंड ने अपने दूसरे मुकाबले में नामीबिया को 5 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ नीदरलैंड टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गया।

श्रीलंका और नीदरलैंड की जीत के बाद अब यह देखना रोचक हो गया है कि आखिर ग्रुप ए से सुपर-12 के लिए कौन सी टीम क्वालिफाई करेगी। ग्रुप ए और ग्रुप बी से 2-2 टीमों को सुपर-12 के लिए क्वालिफाई करना है। सुपर-12 के लिए भारत, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं।

बात ग्रुप ए की करते हैं। ग्रुप ए में नीदरलैंड 4 अंकों के साथ शीर्ष पर है। नामीबिया और श्रीलंका के 2-2 अंक हैं, जबकि संयुक्त अरब अमीरात का अभी खाता नहीं खुला है। वह तालिका में सबसे नीचे है। नेट रनरेट के आधार पर नामीबिया दूसरे और श्रीलंका तीसरे नंबर पर है। श्रीलंका का अब 20 अक्टूबर को नीदरलैंड से मैच है। उसी दिन नामीबिया का ग्रुप स्टेज का आखिरी मुकाबला यूएई से है।

नामीबिया यदि अपने आखिरी मुकाबले में यूएई को हरा देता है और श्रीलंका नीदरलैंड से हार जाता है, तब नीदरलैंड और नामीबिया की टीमें सुपर-12 के लिए क्वालिफाई कर जाएंगी, तब नेट रनरेट का फर्क नहीं पड़ेगा।

हालांकि, श्रीलंका यदि अपना आखिरी मैच जीत लेता है और नामीबिया भी यूएई को हराता है तो 3 टीमों (श्रीलंका, नीदरलैंड और नामीबिया) के 4-4 अंक हो जाएंगे। उस स्थिति में बेहतर रनरेट वाली शीर्ष की दो टीमें सुपर-12 के लिए क्वालिफाई करेंगी। अभी नीदरलैंड का नेट रनरेट +0.149, नामीबिया का +1.277 और श्रीलंका का +0.600 है।

जीलॉन्ग के साइमंड्स स्टेडियम में खेले गए टी2 विश्व कप 2022 के छठे मैच में यूएई ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। श्रीलंका ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 152 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 17.1 ओवर में 73 रन पर ही ढेर हो गई। यूएई की ओर से चिराग सूरी, अयान अफजल खान और जुनैद सिद्दिकी ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए।

श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने 4 ओवर में एक मेडन फेंकते हुए 8 रन देकर 3 विकेट चटकाए। दुष्मंता चमीरा ने 3.5 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट लिए। महीश थीक्षना ने 3.1 ओवर में 15 रन देकर 2 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। प्रमोद मधुशन ने 3 ओवर में 14 और कप्तान दासुन शनाका ने 1.1 ओवर में 7 रन देकर 1-1 विकेट लिए।

इससे पहले श्रीलंका की ओर से पथुन निसांका ने 60 गेंद में 74, विकेट कीपर कुसल मेंडिस ने 13 गेंद में 18 और धनंजय डिसिल्वा ने 21 गेंद में 33 रन की पारी खेली। इसके अलावा उनका कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। इसी मैदान पर खेले गए पहले मैच में नीदरलैंड ने पहले नामीबिया को 6 विकेट पर 121 रन के स्कोर पर रोका और 19.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।