India vs England, Rohit Sharma Is Struck On His Right Forearm: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से पहले भारतीय टीम को तब तगड़ा झटका लगा, जब कप्तान रोहित शर्मा चोटिल हो गए। रोहित को अभ्यास सत्र के दौरान कलाई में चोट लगी थी। इसके बाद उन्होंने नेट्स से ब्रेक ले लिया और काफी देर तक कलाई पर आइस पैक लगातार बैठे रहे। अब वह फिर से अभ्यास में जुट गए। भारतीय समय के मुताबिक रोहित शर्मा को सुबह 6:30 बजे चोट लगी थी।

भारत और इंग्लैंड के बीच टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल 10 नवंबर 2022 को ए़डिलेड के एडिलेड ओवल मैदान पर भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे से खेला जाना है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय कप्तान को थ्रो डाउन का सामना करने के दौरान चोट लगी थी। रोहित शर्मा ने 18 गज से 150 से अधिक की गति से फेंके जा रहे थ्रोडाउन पर शॉर्ट आर्म पुल की कोशिश की, लेकिन वह एक सेकंड के अंतराल से शॉट से चूक गए। गेंद उछली और रोहित के हाथ में आगे की ओर लग गई।

टीम के सपोर्ट स्टाफ ने तुरंत रोहित को अटैंड किया। एक संक्षिप्त परामर्श के बाद, रोहित ने फिर से स्ट्राइक लेने की कोशिश की, लेकिन एक गेंद का सामना करने के बाद दर्द के कारण अपना नेट सत्र रद्द कर दिया। रोहित शर्मा अपनी चोटिल कलाई पर आइसिंग करते हुए आउटडोर नेट्स फैसिलिटी में रुके रहे।

मेंटल कंडीशनिंग कोच पैडी अप्टन काफी देर तक उनसे बात करते दिखे। करीब 40 मिनट बाद वह दोबारा प्रैक्टिस करने के लिए उतरे। अच्छी बात यह है कि प्रैक्टिस के दौरान वह जरा सा भी असहज नहीं दिखे।

रोहित शर्मा भारतीय टीम के उन तीन अन्य सदस्यों में से एक थे, जो इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच से दो दिन पहले वैकल्पिक प्रशिक्षण सत्र में आए थे। दो अन्य हार्दिक पंड्या और दिनेश कार्तिक थे जिन्होंने थ्रो डाउन का सामना किया और रिजर्व गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज के खिलाफ बल्लेबाजी की। 35 साल के रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप 2022 में अब तक सिर्फ एक अर्धशतक लगाया है।