इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)में खिलाड़ियों का प्रदर्शन काफी अहम होने वाला है। जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में टी20 वर्ल्ड कप 2024 होना है। इससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं की निगाहें खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर है। इस बीच यशस्वी जायसवाल का बल्ला खामोश है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले यशस्वी जायसवाल का आईपीएल 2024 में संघर्ष जारी है।

याशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 5 पारियों में सिर्फ 63 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ बुधवार (10 अप्रैल) को भी उनका बल्ला नहीं चला। वह 19 गेंद पर 24 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, आउट होने से पहले वह अच्छी लय में दिख रहे थे। उन्होंने 5 चौके जड़े। वह उमेश यादव की गेंद पर जिस तरह आउट हुए उससे निराश होंगे। वह स्कूप शॉट खेलने गए और विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने शानदार कैच लपका।

यशस्वी ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया था

यशस्वी जायसवाल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG)के खिलाफ 6 गेंद पर 10 रन बनाए थे। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 7 गेंद पर 5 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 12 गेंद पर 24 रन बनाए थे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गोल्डन डक हुए थे। वह हर मैच में पावरप्ले में आउट हुए हैं। यशस्वी ने पिछले सीजन शानदार प्रदर्शन किया था। इसके बदौलत उनकी भारतीय टीम में एंट्री हुई थी।

यशस्वी को आने वाले मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा

यशस्वी को आने वाले मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। टी20 वर्ल्ड कप के मद्देनजर भारतीय टीम में उनकी राह आसान नहीं होगी। टॉप ऑर्डर में काफी कंप्टीशन है। यशस्वी के अलावा कप्तान रोहित शर्मा, शुभमन गिल और विराट कोहली इसमें शामिल हैं। गिल और यशस्वी में से किसी एक को मौका मिलेगा। गिल ने फिलहाल अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले तक 5 मैचों में 183 रन बनाए हैं।