सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024 में ग्रुप बी के मुकाबले में 27 नवंबर को क्रुणाल पंड्या की अगुआई वाली बड़ौदा ने शाहरुख खान की कप्तानी वाली तमिलनाडु को 3 विकेट से हरा दिया। बड़ौदा की जीत में क्रुणाल पंड्या के छोटे भाई और दिग्गज भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने अहम भूमिका निभाई। हार्दिक पंड्या ने 4 चौकों और 7 छक्के की मदद से 30 गेंद में 69 रन ठोके।
हार्दिक पंड्या प्लेयर ऑफ द मैच भी चुने गये। हार्दिक पंड्या ने गुरजपनीत सिंह के 1 ही ओवर से 30 रन बटोर लिये। हार्दिक पंड्या ने गुरजनपीत सिंह के ओवर में 4 छक्के, एक चौका लगाया और एक रन दौड़कर लिया। हार्दिक पंड्या ने पहली 3 गेंद पर छक्के लगाये। गुरजनपीत सिंह की चौथी गेंद नोबॉल रही, अगली गेंद फ्री हिट थी। हार्दिक ने इस गेंद पर भी फिर छक्का जड़ दिया।
होलकर स्टेडियम से बाहर चली गई गेंद
हार्दिक पंड्या का यह शॉट ऐसा रहा कि गेंद स्टेडियम के बाहर चली गई। हार्दिक पंड्या ने पांचवीं गेंद पर चौका लगाया और आखिरी गेंद पर एक रन लिया। एक गेंद नोबॉल भी रही। गुरजनपीत सिंह आईपीएल मेगा ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 करोड़ 20 लाख रुपये में खरीदा था। गुरजनपीत सिंह का बेस प्राइस 30 लाख रुपये था।
बड़ौदा ने गंवा दिये थे 152 रन पर 6 विकेट
इंदौर के होलकर क्रिकेट स्टेडियम में ग्रुप ई के मैच में तमिलनाडु ने छह विकेट पर 221 रन बनाये, जिसमें नारायण जगदीशन ने अर्धशतक और विजय शंकर ने 22 गेंद में 42 रन जोड़े थे। जवाब में बड़ौदा ने छह विकेट 152 रन पर गंवा दिये लेकिन हार्दिक ने टीम को मैच में लौटाया। हार्दिक आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए तब टीम को नौ रन की जरूरत थी। अतीत शेठ ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई।
श्रेयस अय्यर ने 39 गेंद में ठोके 71 रन
कप्तान श्रेयस अय्यर और अनुभवी अजिंक्य रहाणे के अर्धशतकों की मदद से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी ग्रुप सी के मैच में महाराष्ट्र को पांच विकेट से हराया। श्रेयस अय्यर को आईपीएल की मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स ने 26 करोड़ 75 लाख रुपये में खरीदा था। श्रेयस अय्यर ने 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 39 गेंद में 71 रन बनाये। अजिंक्य रहाणे ने 34 गेंद में 52 रन का योगदान दिया। मुंबई ने जीत के लिये 172 रन का लक्ष्य 17.1 ओवर में हासिल कर लिया। इससे पहले शार्दुल ठाकुर और मोहित अवस्थी ने 2-2 विकेट लेकर महाराष्ट्र को नौ विकेट पर 171 रन पर रोक दिया।
ग्रुप ए के मैच में रजत पाटीदार के 37 गेंद में 62 रन और हरप्रीत सिंह भाटिया के 42 गेंद में 60 रन की मदद से मध्यप्रदेश ने आठ विकेट पर 188 रन बनाये। जवाब में पंजाब की टीम सात विकेट पर 179 रन ही बना पाई। कप्तान अभिषेक शर्मा ने 36 गेंद में 61 रन बनाये। मध्य प्रदेश के लिये कुमार कार्तिकेय सिंह और मोहम्मद अरशद ने 3-3 विकेट लिये।
अरुणाचल प्रदेश का शर्मनाक प्रदर्शन
राजकोट में ग्रुप ए के मैच में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 4 ओवर में 46 रन दे डाले। हालांकि, बल्लेबाजों के दम पर बंगाल की टीम मिजोरम को 8 विकेट से हराने में सफल रही। ग्रुप सी के मैच में जम्मू कश्मीर ने अरुणाचल प्रदेश को 32 रन पर आउट कर दिया। यह 2009 में झारखंड के खिलाफ त्रिपुरा के 30 रन के बाद टूर्नामेंट का न्यूनतम स्कोर है।
मध्यम तेज गेंदबाज आकिब नबी ने 3 और बायें हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक ने 2 रन देकर 4 विकेट लिये। जम्मू कश्मीर ने तीन ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। राजकोट में ग्रुप ए के मैच में राजस्थान ने हैदराबाद को 24 रन से हराया।