Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर से यूएई में होगी और इसमें अब कुछ ही समय बचा हुआ है। टीम इंडिया को अपना पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ खेलना है। इस बार एशिया कप में टीम इंडिया की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में है और उनकी कप्तानी में भारतीय टीम शानदार प्रदर्शन पिछले कुछ समय से लगातार कर रही है।

रोहित की इस खास लिस्ट में शामिल हो सकते हैं सूर्यकुमार यादव

इस टूर्नामेंट में सूर्यकुमार यादव के पास रोहित शर्मा की इस खास लिस्ट में शामिल होने का शानदार मौका है, लेकिन इसके लिए उन्हें 4 छक्कों की जरूरत है। सूर्यकुमार ने टी20आई में अब तक कुल 146 छक्के लगाए हैं। 4 छक्के लगाते ही वो इसमें अपने 150 छक्के पूरे कर लेंगे और भारत की तरफ से क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में 150 छक्के लगाने वाले दूसरे बैटर बन जाएंगे।

टी20आई में भारत की तरफ से 150 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले एकमात्र बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं। रोहित ने अपने टी20आई करियर में कुल 205 छक्के लगाए थे। वैसे टी20आई क्रिकेट में इस वक्त सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बैटर भी हिटमैन ही हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मार्टिन गप्टिल 173 छक्कों के साथ मौजूद हैं।

T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप 7 बैटर

रोहित शर्मा- 205
मार्टिन गुप्टिल- 173
मोहम्मद वसीम- 168
जोस बटलर- 160
निकोलस पूरन- 149
ग्लेन मैक्सवेल- 148
सूर्यकुमार यादव- 146

सूर्यकुमार यादव के टी20 क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए साल 2021 में डेब्यू किया था। इसके बाद से ही वो भारतीय टीम के अहम सदस्य बन गए। सूर्यकुमार ने अब तक 83 T20आई मैचों में 2598 रन बनाए हैं जिसमें उनके बल्ले से 4 शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं। सूर्यकुमार अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और वो मैदान के किसी भी हिस्से में शॉट लगा सकते हैं।