वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 241 रन का टारगेट दिया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाली रोहित शर्मा की अगुआई वाली खिताबी मुकाबले में काफी दबाव में दिखी। रोहित शर्मा और विराट कोहली को छोड़कर हर बल्लेबाज संघर्ष करता दिखा। हार्दिक पंड्या के चोटिल होने के बाद प्लेइंग 11 में जगह पाने वाले सूर्यकुमार यादव ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ जैसी बल्लेबाजी की वह चौंकाने वाला था।
केएल राहुल के 41वें ओवर में आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव खुद से ज्यादा मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव पर भरोसा दिखा रहे थे। वह खुद स्ट्राइक लेने के बजाय रन ले रहे थे। राहुल 107 गेंद पर 66 रन बनाकर 42वें ओवर में आउट हुए। तब सूर्यकुमार यादव 16 गेंद पर 10 रन बनाकर खेल रहे थे। वह 48वें ओवर में आउट हुए। 28 गेंद पर 18 रन बना सके। राहुल के आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव सिर्फ 12 गेंद खेले। वहीं शमी,बुमराह और कुलदीप ने 24 गेंदों का सामना किया।
सूर्यकुमार यादव खुद ज्यादा स्ट्राइक लेते तो कुछ और रन बन सकते थे
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बल्लेबाजी आसान नहीं दिख रही थी, लेकिन सूर्यकुमार यादव खुद ज्यादा स्ट्राइक लेते तो कुछ और रन बन सकते थे। केएल राहुल 42 वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट हुए। मोहम्मद शमी नए बल्लेबाज के तौर पर स्ट्राइक पर आए। शमी स्ट्राइक पर थे। उन्होंने मिचेल स्टार्क की 3 गेंदों का सामना किया। पैट कमिंस अगला ओवर करने आए। पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार ने सिंगल लिया। शमी ने तीसरी गेंद पर सिंगल लिया। सूर्यकुमार ने 5वीं गेंद पर सिंगल लिया। अगले ओवर में वह स्ट्राइक पर रह सकते थे, लेकिन उन्होंने फिर सिंगल ले लिया।
आखिरी गेंद पर क्यों सिंगल ले रहे थे सूर्यकुमार यादव
मिचले स्टार्क ने अगले ओवर में चौथी गेंद पर शमी को आउट किया। उन्होंने 10 गेंद पर 6 रन बनाए। आखिरी गेंद पर सिंगल लेने से 4 गेंद भी डॉट हुए और विकेट भी गिरा। जसप्रीत बुमराह नए बल्लेबाज के तौर पर क्रीज पर आए। पहली गेंद पर उन्होंने सिंगल लिया। सूर्यकुमार यादव ने आखिरी गेंद पर सिंगल लिया स्ट्राइक पर आए।
बार-बार सूर्यकुमार कर रहे थे गलती
एडम जम्पा के ओवर में तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार ने सिंगल लिया। 5वीं गेंद पर बुमराह आउट हो गए। 3 गेंद पर उन्होंने 1 रन बनाए। इसके बाद कुलदीप यादव बल्लेबाजी करने आए। आखिरी गेंद पर सिंगल आया और अगले ओवर में स्टार्क का सामना कुलदीप को करना था। ओवर में 6 रन बने। कुलदीप ने फिर आखिरी गेंद पर सिंगल लिया। कमिंस के ओवर में 2 रन बने।
28 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए सूर्यकुमार
48वें ओवर में सूर्यकुमार यादव पहली गेंद पर स्ट्राइक पर थे। जोश हेजलवुड गेंदबाज थे। तीसरी गेंद पर सूर्यकुमार आउट हुए। उन्होंने 28 गेंद पर 18 रन बनाए। तब कुलदीप 11 गेंद पर 6 रन बनाकर क्रीज पर थे। टीम इंडिया का स्कोर 47.3 ओवर में 226 रन पर 9 विकेट हो गया। मोहम्मद सिराज क्रीज पर आए। टीम इंडिया ने 50 ओवर में 10 विकेट पर 240 रन बनाए।