मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक पंड्या को कप्तान नियुक्त किया है। इस फैसले से फैंस में काफी आक्रोश और गुस्सा है जो कि सोशल मीडिया पर साफ नजर आ रहा है। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार आईपीएल का खिताब जीता है। इस बीच मुंबई इंडियंस के सूर्यकुमार यादव ने भी ऐसा ट्वीट किया जिससे फैंस यही अंदाजा लगा रहे हैं कि स्टार बल्लेबाज भी फैसला से खुश नहीं है।

सूर्यकुमार ने पोस्ट किया टूटे हुए दिल का इमोजी

मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार रात को हार्दिक पंड्या को कप्तान बनाने का ऐलान किया था। शनिवार सुबह सूर्यकुमार ने अपने सभी इंस्टाग्राम अकाउंट पर टूटे हुए दिल का इमोजी पोस्ट किया। फैंस का यह मानना है कि सूर्यकुमार भी पंड्या को कप्तान नहीं देखना चाहते।

फैंस लगा रहे हैं अंदाजा

कुछ फैंस ने कमेंट करके सूर्यकुमार यादव से इस ट्वीट का कारण पूछा। वहीं कुछ ने लिखा कि सूर्यकुमार यादव को रोहित शर्मा की कप्तानी जाने का दुख है। एक यूजर ने यह भी लिखा कि सूर्यकुमार यादव को अगला टी20 वर्ल्ड कप जितकार रोहित शर्मा को तोहफा देना चाहिए। कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि सूर्यकुमार कप्तानी डिजर्व करते हैं।

ट्वीट की वजह नहीं आई सामने

सूर्यकुमार यादव का यह ट्वीट ऐसा समय पर आया है जब टीम इंडिया को साउथ अफ्रीका में बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज दीपक चाहर वनडे टीम से बाहर हो गए हैं वहीं मोहम्मद शमी टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं है। हालांकि सूर्यकुमार यादव दोनों ही टीम का हिस्सा नहीं हैं। ऐसे में यह साफ नहीं है कि सूर्यकुमार का यह ट्वीट किस बारे में है।

रोहित ने 11 सत्र में टीम की कप्तानी की जिसमें से मुंबई इंडियन्स पांच बार खिताब जीतने में सफल रहा। आईपीएल के 2025 सत्र के लिए बड़ी नीलामी होगी और फ्रेंचाइजी के इस कदम से यह स्पष्ट हो गया है कि रोहित अब खिलाड़ी के तौर पर मुंबई इंडियन्स की आगे की योजना में नहीं हैं। आईपीएल संचालन समिति चार खिलाड़ियों (तीन भारतीयों और एक विदेशी) को टीम में बरकरार रखने की अनुमति देगी।