इंडियन प्रीमियर लीग 2023 (IPL 2023) में खराब प्रदर्शन के बाद सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की फ्रेंचाइजी में बड़ा बदलाव हुआ है। काव्या मारन की फ्रेंचाइजी ने कैरेबियाई दिग्गज ब्रायन लारा की कोच पद से छुट्टी कर दी है। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी अब टीम के कोच होंगे। लारा पिछले 2 साल से टीम से जुड़े हुए थे। विटोरी इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कोच रह रह चुके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को ट्वीट करके कोचिंग स्टाफ में इस बदलाव की जानकारी दी।

सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्वीट करके कहा, “ब्रायन लारा के साथ हमारा 2 साल का जुड़ाव खत्म हो रहा है, हम उन्हें अलविदा कहते हैं। सनराइजर्स में योगदान के लिए धन्यवाद। हम आपके भविष्य के प्रयासों के लिए आपको शुभकामनाएं देते हैं।” एक अन्य ट्वीट में सनराइजर्स ने घोषणा करते हुए कहा, “कीवी दिग्गज डेनियल विटोरी ऑरेंज आर्मी के साथ बतौर हेड कोच जुड़े हैं।”

आईपीएल 2023 में खराब प्रदर्शन के बाद लारा का पत्ता कटा

ब्रायन लारा ने 2023 आईपीएल सीजन से पहले सनराइजर्स के मुख्य कोच के रूप में टॉम मूडी की जगह ली थी, लेकिन आईपीएल 2021 और 2022 में आठवें स्थान पर रहने के बाद टीम के प्रदर्शन में कुछ खास बदलाव नहीं आया। आईपीएल 2023 में सनराइजर्स की टीम चार जीत और दस हार के साथ अंतिम (दसवें) स्थान पर रही। टीम ने 2023 में साउथ अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी एडेन मार्कराम को कप्तान बनाया था।

आरसीबी के कोच रह चुके हैं डेनियल विटोरी

डेनियल विटोरी 2014 से 2018 तक रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के मुख्य कोच रह चुके हैं। 2015 में टीम प्लेऑफ और 2016 में फाइनल में पहुंची थी। हाल ही में विटोरी ऑस्ट्रेलिया मेंस टीम के सहायक कोच थे। विटोरी वर्तमान में हंड्रेड में बर्मिंघम फीनिक्स पुरुष टीम के मुख्य कोच हैं और मई 2022 से ऑस्ट्रेलिया टीम के साथ हैं। वह बांग्लादेश टीम के स्पिन गेंदबाजी सलाहकार भी रह चुके हैं।