ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ ने फॉर्म के साथ वापसी की। उन्होंने भारत के खिलाफ के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शतक लगाया। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका 27वां शतक है। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली की बराबरी की।

विराट कोहली ने अब तक 87 टेस्ट खेले हैं। इसमें उनके 27 शतक हैं। हालांकि, स्मिथ का यह 76वां टेस्ट मैच है। स्टीव स्मिथ ने नवदीप सैनी के ओवर की आखिरी गेंद (98वें ओवर) पर तीन रन लेकर अपना शतक पूरा किया। उन्होंने वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज गैरी सोबर्स के 26 टेस्ट शतकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह सबसे ज्यादा टेस्ट शतक बनाने वालों की सूची में 17वें नंबर पर पहुंच गए हैं। स्टीव स्मिथ भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने के मामले में हमवतन रिकी पोटिंग, वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स और विवियन रिचर्ड्स के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंच गए हैं।

स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट में 490 दिन बाद शतक लगाया। इससे पहले उन्होंने 4 सितंबर 2019 को शतकीय पारी खेली थी। स्मिथ ने मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए उस मैच में 211 रन बनाए थे।

स्मिथ ने ऑस्ट्रेलिया में करीब 3 साल बाद टेस्ट शतक लगाया है। इससे पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में 14 दिसंबर 2017 को पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ शतक लगाया था। तब उन्होंने 239 रन की पारी खेली थी। उनका सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर यह तीसरा टेस्ट शतक है।

स्मिथ का भारत के खिलाफ यह 8वां टेस्ट शतक है। रिकी पोंटिंग ने भी भारत के खिलाफ 8 टेस्ट शतक लगाए हैं। हालांकि, उन्होंने 51वीं पारी में भारत के खिलाफ 8वां टेस्ट शतक लगाया था, जबकि स्मिथ ने 25वीं पारी में ही यह आंकड़ा छू लिया।

स्मिथ सबसे कम पारियों में भारत के खिलाफ 8 टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड गैरी सोबर्स के नाम था। गैरी सोबर्स ने भारत के खिलाफ अपनी 30वीं पारी में 8वां टेस्ट शतक लगायाा था। विवियन रिचर्ड्स को भारत के खिलाफ 8 शतक लगाने के लिए 41 पारियां खेलनी पड़ी थीं।

टेस्ट क्रिकेट में उनके और विराट के अलावा दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर ने भी 27-27 शतक लगाए हैं। ग्रीम स्मिथ ने 117 टेस्ट और बॉर्डर ने 156 टेस्ट में 27-27 टेस्ट शतक लगाए।

स्टीव स्मिथ सबसे कम पारियों में 27 शतक लगाने के मामले में डॉन ब्रैडमैन के बाद दूसरे नंबर पर हैं। डॉन ब्रैडमैन ने 70 पारी में 27 शतक लगाए थे। स्मिथ ने 136वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की है। उनके बाद विराट कोहली (141), सचिन तेंदुलकर (141) और सुनील गावस्कर (154) का नंबर आता है।