चांद की जद से कुछ किलोमीटर की दूरी से पहले चंद्रयान-2 के लैंडर विक्रम के साथ संपर्क टूट जाने के चलते इसरो के वैज्ञानिक काफी निराश दिखे। उनका यह प्रयास भले ही पूरी तरह से सफल नहीं हो सका हो सका हो लेकिन पूरा देश अपने वैज्ञानिकों के इस कार्य की प्रशंसा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी उनका हौसला बढ़ाने के लिए इसरो के ऑफिस पहुंचे। पूरी दुनिया के लोग भारत के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। वहीं, खेल जगत के दिग्गजों ने भी इसरो को बधाई दी।

अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने वाले टीम इंडिया के पूर्व स्टार सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट करते हुए लिखा कि- ख्वाब अधूरा रहा पर हौसला जिंदा है, इसरो वो है, जहां मुश्किलें शर्मिंदा हैं… हम होंगे कामयाब चंद्रयान -2। वहीं, ऋषभ पंत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि असफलता जैसी कोई चीज नहीं होती। यहां से केवल ऊपर की ओर और आगे की ओर… हमें आप पर गर्व है इसरो। हम आपके डेडिकेशन और कड़ी मेहनत को सलाम करते हैं। जय हिंद।

 

 

इसके अलावा गीता फोगाट ने लिखा कि लहरों से डरकर नौका कभी पार नहीं होती और मेहनत करने वालों की कभी हार नहीं होती। दरअसल, लैंडर ‘विक्रम को चंद्रमा की सतह की ओर लाने की प्रक्रिया 2.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक सामान्य और योजना के अनुरूप देखी गई, लेकिन बाद में लैंडर का संपर्क जमीनी स्टेशन से टूट गया।