खेल मंत्रालय ने खेलों की दुनिया में देश-विदेश में नाम रोशन करने वाली भारत की नौ महिला एथलीट्स को पद्म पुरस्कार से सम्मानित करने की सिफारिश की है। इस संबंध में एमसी मैरीकॉम और पीवी सिंधु समेत 9 महिला खिलाड़ियों के नाम गृह मंत्रालय को भेजे गए हैं। मैरीकॉम के नाम की सिफारिश देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण देने के लिए की गई है। वहीं, हाल ही में विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली सिंधु को पद्म भूषण सम्मान देने की सिफारिश की गई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, खेल मंत्रालय ने मैरीकॉम और सिंधु के अलावा टेबल टेनिस खिलाड़ी मणिका बत्रा, पहलवान विनेश फोगाट, पर्वतारोही ताशी और नुंग्शी मलिक, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल, क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर और ओलंपियन निशानेबाज सुमा शिरूर को पद्मश्री से सम्मानित करने की सिफारिश की है। पद्म पुरस्कार चुनने वाली समिति अगर मैरीकॉम को पद्म विभूषण देने के लिए अपनी मुहर लगा देती है तो वे यह सम्मान पाने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी होंगी।
अगर पद्म पुरस्कारों की कमेटी मैरी को इस सम्मान से नवाजती है तो वह यह गौरव पाने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी होंगी। राज्यसभा सांसद मैरीकॉम 2006 में पद्मश्री और 2013 में पद्म भूषण से सम्मानित की जा चुकी हैं। खिलाड़ियों को पद्म पुरस्कार देने की बात करें तो भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ही ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें पद्म विभूषण सम्मान मिल चुका है।
सचिन को 2008 में न्यूजीलैंड के पर्वतारोही सर एडमंड हिलेरी के साथ यह पुरस्कार मिला था। एडमंड हिलेरी ने पहली बार माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की थी। उसके बाद से अब तक खेल मंत्रालय की ओर से किसी भी खिलाड़ी के नाम की सिफारिश पद्म विभूषण के लिए नहीं की गई। पद्म विभूषण सम्मान अब तक तीन पुरुष खिलाड़ियों को मिल चुका है। इनमें शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद (2007), सचिन तेंदुलकर (2008) और सर एडमंड हिलेरी (2008, मरणोपरांत) शामिल हैं।
मैरीकॉम अपने दूसरे ओलंपिक (2020 टोक्यो) के लिए क्वालिफाई करने की कोशिश में हैं। वे 2012 लंदन ओलिंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। मैरीकॉम खिलाड़ी पिछले साल 48 किलोग्राम में रेकॉर्ड छठी बार वर्ल्ड चैंपियन बनी थीं। रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली पीवी सिंधु ने हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। वे ऐसा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं।