स्पेशल ओलंपिक विश्व ग्रीष्मकालीन खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व 255 सदस्यीय मजबूत दल करेगा। जर्मनी के बर्लिन में 17 से 25 जून तक इसका आयोजन होगा। इस दल में 198 एथलीट शामिल हैं, जो 16 खेलों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा 57 कोच भी हैं। स्पेशल ओलंपिक में बौद्धिक अक्षमताओं वाले खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। 190 देशों के कुल 700 एथलीट और यूनिफाइड पार्टनर बर्लिन में 26 स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष मल्लिका नड्डा को उम्मीद है कि भारत 150 पदक जीतने में कामयाब रहेगा।

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा ने स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड समर गेम्स को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, “इस बार भारत के 198 खिलाड़ी खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। हमें 150 पदक जीतने की उम्मीद है। भारत सरकार हमारा पूरा समर्थन कर रही है और सभी सुविधाएं मुहैया करा रही है। शुरुआत में भारत में इन खेलों से जुड़ी सुविधाएं कुछ ही शहरों में थी लेकिन 2001 में एयर मार्शल डेंजिल कीलोर की अगुआई में स्पेशल ओलंपिक भारत के गठन के बाद राज्यों और जिला स्तर पर सुविधाओं का विस्तार हुआ और आज हमारा संघ दुनिया का सबसे बड़ा संघ है।”

ग्वालियर में बना सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फोर डिसेबिलिटी स्पोर्ट्स

मल्लिका नड्डा ने यह भी बताया कि संघ को भारत सरकार पूरी मदद दे रही है। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए पिछले खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 5 लाख, रजत पदक विजेताओं को 3 लाख और कांस्य पदक विजेताओं को 2 लाख रुपये की राशि दी गई थी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि ग्वालियर में देश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फोर डिसेबिलिटी स्पोर्ट्स बन चुका है। जल्द ही यह देश को समर्पित होगा।

भारतीय एथलीट्स के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कैंप

भारतीय एथलीट्स के लिए जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 7 से 11 जून तक तैयारी के कैंप काआयोजन किया गया है। 8 जून को मशाल रिले और विदाई समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसमें खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी, भारतीय ओलंपिक संघ की प्रमुख पीटी उषा, क्रिकेटर युवराज सिंह और गायक सोनू निगम शामिल होंगे। भारतीय टीम 12 जून को बर्लिन के लिए रवाना होगी।

भारत ने 1499 पदक जीते हैं

भारत ने स्पेशल ओलंपिक खेलों में 1987 से 2019 तक कुल 1499 पदक जीते हैं, जिसमें 444 स्वर्ण, 504 रजत और 551 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत की ओर से अबू धाबी में पिछले खेलों में 281 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। कुल 369 पदक जीते थे। इसमें 85 स्वर्ण, 155 रजत और 129 कांस्य पदक शामिल है।