भारतीय क्रिकेट टीम के महानतम कप्तानों में शामिल किए जाने वाले सौरव गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं। क्रिकेटर से प्रशासनिक जीवन में आने का उनका सफर काफी रोचक रहा है। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वे क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल में शामिल हुए। वहां वे 2015 से 2019 तक अध्यक्ष रहे थे। इसके बाद अक्टूबर 2019 में बोर्ड के अध्यक्ष बने थे। गांगुली के करियर की तरह खूबसूरत उनका परिवार भी है। पत्नी डोना गांगुली ओडिसी डांसर हैं तो बेटी सना गांगुली अभी पढ़ाई कर रही हैं।
सना इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन वह वहां अपनी तस्वीरें पोस्ट करती रहती हैं। सना ने अपनी प्रारंभिक स्कूली शिक्षा ‘ला मार्टिनियर फॉर गर्ल्स’ (La Martiniere for Girls) से की और फिर इंटरमीडिएट के लिए लोरेटो हाउस स्कूल (Loreto House School) गईं। सना ने अपनी उच्च शिक्षा लंदन की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी (Oxford University) से पूरी की। सना भी अपनी मां डोना गांगुली की तरह एक प्रशिक्षित ओडिसी डासंर हैं। डोना एक प्रशिक्षित शास्त्रीय नृत्यांगना हैं।
सना ने अपना पहला स्टेज परफॉर्मेंस 7 साल की उम्र में दिया था। उन्होंने उसमें ‘कृष्ण’ की भूमिका निभाई थी। सना ने मशहूर गायिका कौशिकी चक्रवर्ती से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली है। उन्हें शॉपिंग, स्विमिंग और ट्रैवलिंग का शौक है। लंदन उनकी फेवरेट जगह है। सना को जानवरों से भी काफी प्यार है। सना ने पिता सौरव गांगुली के साथ टेलिविजन पर डेब्यू किया था। वो एक ज्वेलरी के विज्ञापन में नजर आई थीं।
सना गांगुली का जन्म 3 नवंबर 2001 को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुआ था। सना ने दिसंबर 2019 में तब सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पर अपना गुस्सा व्यक्त करने के लिए इंस्टाग्राम का सहारा लिया, जो सीएए का विरोध कर रहे थे। हालांकि, बाद में उनके पिता सौरव गांगुली ने इसका बचाव किया था। गांगुली ने कहा था कि वह राजनीति को समझने के लिए बहुत छोटी हैं। बाद में सना ने विवादित पोस्ट को डिलीट कर दिया था।