IND vs NZ 3rd T20: भारत ने बुधवार को हैमिल्टन में खेले गए तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर ओवर में रोमांचक जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही उसने 5 मैच की सीरीज अपने नाम कर ली। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीती है। इस जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय टीम खासकर रोहित शर्मा और मोहम्मद शमी की काफी तारीफ की। हालांकि, न्यूजीलैंड के हारने पर उन्होंने दुख भी जताया। उनका कहना है कि इस मैच का नतीजा वैसा रहा, जैसे भारत ने शेर के मुंह से निवाला छीन लिया हो। उनके इस वीडियो पर फैंस जोरदार कमेंट भी कर रहे हैं। अब तक इस पर पांच हजार से ज्यादा लोग कमेंट कर चुके हैं।

@munna kumar ने लिखा, ‘जब शर्मा जी मारते हैं तो शरमाते भी नही हैं।’ @Shivam Pandey ने लिखा, ‘इसे कहते है हिन्दू मुस्लिम एकता…। शमी ने मैच फसाया.., शर्मा ने मैच जिताया…।’ @ rakesh patel ने कमेंट किया, ‘इसीलिए तो हम हिन्दुस्तानियों को बाजीगर कहते हैं… हारी बाजी को जीतना हमें आता है…। जय हिंद। जय भारत।’ @ Rizwan Khan ने लिखा, ‘शमी ने मैच बचाया… रोहित शर्मा ने मैच जिताया..। दोनों के लिए एक लाइक।’ @ pandey shubham ने कमेंट किया, ‘वो सिकंदर ही दोस्तों कहलाता है। हारी बाजी को जीतना जिसे आता है।’

बता दें कि तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 179 रन बनाए थे। इसमें रोहित शर्मा के 40 गेंदों पर बनाए गए 65 रन भी शामिल हैं। रोहित ने अपनी पारी के दौरान 6 चौके और 3 छक्के लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने भी 20 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन ही बनाए। इससे मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। नियमानुसार सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की।

केन विलियम्सन और मार्टिन गप्टिल क्रीज पर उतरे। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सुपर ओवर फेंका। विलियम्सन और गप्टिल ने एक छक्के और एक चौके की मदद से सुपर ओवर में 17 रन बनाए। जीत के लिए भारत को सुपर ओवर में 18 रन बनाने थे। ऐसे में रोहित शर्मा और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला।

न्यूजीलैंड की ओर से टिम साउदी ने ओवर फेंका। चार गेंद में भारतीय बल्लेबाज 8 रन ही बना पाए थे। अब 2 गेंद पर भारत को जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, यह काफी मुश्किल लग रहा था। भारतीय फैंस की सांसें थमी थीं। पांचवीं गेंद खेलने के लिए रोहित शर्मा टिम साउदी के सामने थे। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर छक्के जड़कर हाथ से निकल गई जीत को फिर से टीम की झोली में डाल दिया।