कोरोनावायरस के प्रकोप के चलते दुनिया भर में जनजीवन ठप सा पड़ गया है। इसके संक्रमण में आकर जान गंवाने वालों लोगों की संख्या में रोज इजाफा हो रहा है। इसके मरीजों की संख्या भी दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। इसके संक्रमण से बचने के लिए हर क्षेत्र के सेलेब्रिटीज जनता को सलाह दे रहे हैं।
इसमें खेल जगत की हस्तियां भी शामिल हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर इस बीमारी से बचने के तरीके बताए हैं। साथ ही सरकार को सहयोग भी करने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने इस बीमारी के डर से खाने-पीने का सामान इकट्ठा करने को जमकर लताड़ भी लगाई है।
अख्तर ने वीडियो में कहा, ‘बड़ी तकलीफ हो रही है लोग जो मॉल में जाकर सामान स्टोर कर रहे हैं। हमारे मुल्क पाकिस्तान, हिंदुस्तान, श्रीलंका, थर्ड वर्ल्ड कंट्रीज में एक मजदूर की भी सोच लो। वह मजदूर दिहाड़ी कमाता है और पैसे कमाकर अपने बच्चों का पेट भरता है।’
शोएब ने कहा, ‘मेरी आपसे रिक्वेस्ट है प्लीज अपने पेट भरने के लिए, खुदा का खौफ खाओ, तीन महीने का आपने सामान स्टोर कर लिया है। स्टोर के स्टोर खाली हो गए हैं। ये क्या कर रहे हैं आप लोग? भाई क्या गारंटी है कि तीन महीने बाद तुम जिंदा रहोगे? किसके लिए इकट्ठा कर रहे हो?’
अख्तर ने कहा, ‘सोच लो जो एक मजदूर है। जिसने दिन भर में हजार रुपए कमाए हैं, जिसे अपने बच्चों का पेट पालना है, वह कहां से खाएगा? आप तो खा लोगे। आप रेहड़ियों की रेहड़ियां भरते जा रहे हैं। क्या गारंटी है कि आप जिंदा रहोगे आज से 3-4 महीने बाद। इसलिए प्लीज मेरी आपसे रिक्वेस्ट है कि अपने साथ के लोगों का ख्याल करें।’
उन्होंने कहा, ‘अब चैरिटी का टाइम है। अब मुसलमान-हिंदू या सिख-ईसाई होने का टाइम नहीं है। अब ह्यूमन बनने का टाइम है। आप जहां तक चैरिटेबल फंड्स इकट्ठा कर सकते हैं तो कीजिए। हुकूमतों पर मत छोड़िए।’
अख्तर को सरकारों पर भरोसा नहीं
शोएब ने कहा, ‘हुकूमतों ने कह दिया है… हिंदुस्तान-पाकिस्तान मुझे यह कहते हुए दुख हो रहा है कि नहीं संभाल सकते आप। अगर यहां पर 2 लाख मामले आ गए तो आप फारिग हो जाएंगे। मैंने हिंदुस्तान, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका में भी बहुत ट्रैवल किया है। थर्ड वर्ल्ड कंट्रीज में कोई सुविधाएं नहीं हैं। इसलिए रिलैक्स रहिए। आप अब एक दूसरे की मदद कीजिए।’

