वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे में मात देने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब सीरीज फतह करने पर होंगी। पहला वनडे बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब तीसरा वनडे 30 जून को एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में शाम 7 बजे खेला जाएगा। लेकिन इन सबके बीच टीम इंडिया के खिलाड़ी कैरेबियाई देश में खूब मौज-मस्ती कर रहे हैं। कई खिलाड़ी टूर पर अपनी बीवियों संग पहुंचे हैं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले टीम इंडिया के ‘गब्बर’ शिखर धवन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की है, जिसमें वह अपने बेटे जोरावर और पत्नी आयशा के साथ दिख रहे हैं। इस फोटो में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, उनकी बेटी जीवा और पत्नी साक्षी भी नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के साथ धवन ने लिखा, हम एंटीगुआ जा रहे हैं। देखकर खुशी हुई कि बच्चे खुश हैं और सुबह खेल रहे हैं। इससे हम सबके चेहरे पर मुस्कान आ जाती है। इस फोटो पर अब तक 68,343 लोगों के लाइक आ चुके हैं और 275 लोगों ने इस पर कमेंट्स किए हैं।
इससे पहले टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो के यहां डिनर पर पहुंची थी। धवन ने इसकी तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसमें वह, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली और ब्रावो नजर आ रहे हैं। वहीं ब्रावो ने एमएस धोनी और उनकी बेटी जीवा के अलावा भुवनेश्वर कुमार के साथ भी तस्वीर पोस्ट की थी। ब्रावो के टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों से बहुत अच्छे संबंध हैं। वह महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स में भी खेल चुके हैं। जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज पहुंची थी, तब भी उन्होंने धोनी और टीम इंडिया के स्वागत में एक ट्वीट किया था।
गौरतलब है कि अजिंक्य रहाणे (103) के शतक, कप्तान विराट कोहली (87) और शिखर धवन (63) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने क्वींस पार्क ओवल मैदान पर खेले गए दूसरे एकदिवसीय मैच में मेजबान वेस्टइंडीज को 105 रनों से हरा दिया था। वेस्टइंडीज की पूरी टीम 205 रनों पर ही अॉल आउट हो गई थी। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने ऊपरी क्रम के दम पर निर्धारित 43 ओवरों में पांच विकेट खोकर 310 रन बनाए थे। बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ था और इसी कारण ओवरों की संख्या 50 से घटाकर 43 कर दी गई थी।
रहाणे ने 10 चौकों और 2 छक्कों की मदद से वेस्टइंडीज की बॉलिंग लाइन अप की बखिया ही उधेड़ दी थी। धवन के जाने के बाद रहाणे को कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। 34वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने ऐसा ही खूबसूरत शॉट खेल अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक जड़ा था। लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर वह मिग्युएल कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए थे। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 103 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा दो छक्के लगाए थे।
