शिखर धवन को इंग्लैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया है। वे जुलाई में श्रीलंका दौरे पर जाने वाली दूसरी टीम इंडिया के कप्तान हो सकते हैं। वे खाली समय में फैमिली के साथ वक्त बिता रहे हैं। इसी बीच धवन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया है जिसमें वो बांसुरी बजाते हुए नजर आ रहे हैं। टीम इंडिया के इस ओपनर बल्लेबाज को संगीत से काफी लगाव है। वे वीडियो में मशहूर गजल गायक जगजीत सिंह के गाने ‘होठों से छू लो तुम…’ की धुन बजा रहे हैं।

धवन बारिश की दोपहर में अपनी बालकनी पर बैठकर बांसुरी बजा रहे हैं। उन्होंने गाने को अच्छे से निभाया। ऐसा लगता है कि धवन ने बांसुरी बजाने में महारत हासिल कर ली है क्योंकि वह जगजीत सिंह के सुपरहिट गजल को आसानी से बजाते नजर आए। धवन ने अपने प्रशंसकों से उस गीत का अनुमान लगाने के लिए कहा जो वह बांसुरी पर बजा रहे थे। धवन ने कैप्शन में लिखा, ‘‘आत्मा के लिए संगीत। संयमित रहिए, पॉजिटिव रहिए। क्या आप गाने को पहचान सकते हैं?

धवन ने 2016 से बांसुरी बजाने के लिए पेशेवर प्रशिक्षण लिया है। उन्होंने गुरु वेणुगोपाल से ट्रेनिंग ली है। धवन के इस वीडियो को टीम इंडिया में उनके साथी उमेश यादव, केएल राहुल, कुलदीप यादव, हार्दिक पंड्या और युजवेंद्र चहल लाइक किया। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग और सुरेश रैना के अलावा चहल की पत्नी धनश्री वर्मा को भी यह वीडियो पसंद आया। धवन के वीडियो को 6 घंटे में 3 लाख 18 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।

कोरोनावायरस के कारण आईपीएल 2021 के टलने तक धवन सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 8 मैच में 380 रन बनाए थे। धवन श्रीलंका दौरे पर जाने वाली टीम के कप्तान बनने के दौड़ में सबसे आगे हैं। रवि शास्त्री मुख्य टीम के साथ इंग्लैंड के दौरे पर होंगे। ऐसे में राहुल द्रविड़ कोच हो सकते हैं। पारस महाम्ब्रे को गेंदबाजी कोच बनाने की बात चल रही है। भारतीय टीम श्रीलंका में तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलेगी।