पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के ऊपर कुछ संकट आ गया है। इसी वजह से उन्हें लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2020 को बीच में ही छोड़कर स्वदेश लौटना पड़ा है। हालांकि, उन्होंने अपनी टीम और प्रशंसकों से वादा किया है कि जैसे ही वह इस संकट से उबर जाएंगे, लंका प्रीमियर लीग में अपनी टीम की अगुआई करने श्रीलंका लौटेंगे। अफरीदी लंका प्रीमियर लीग की फ्रेंचाइजी गाले ग्लेडिएटर्स के कप्तान हैं।

यह भी एक महज संयोग है कि शाहिद अफरीदी फ्लाइट छूटने के कारण लंका प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के लिए समय पर कोलंबो नहीं पहुंच पाए थे। अफरीदी ने ट्वीट कर बताया, ‘दुर्भाग्यवश मुझे घर पर एक पर्सनल इमरजेंसी (संकट) का सामना करना पड़ रहा है। एक बार स्थितियों पर नियंत्रण करने के तत्काल बाद मैं लौटूंगा। आपको शुभकामनाएं।’ दरअसल, अफरीदी की बेटी की तबीयत खराब है। वह अस्पताल में भर्ती है। इसी वजह से अफरीदी ने स्वदेश लौटने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि बेटी के स्वस्थ होते ही वह लंका प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के लिए श्रीलंका रवाना होंगे।

लंका प्रीमियर लीग ने अफरीदी के पाकिस्तान लौटने की वजह का खुलासा किया है। उसने एक तस्वीर साझा कर बताया है कि अफरीदी की बेटी की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  इस स्थिति में उन्होंने वापस स्वदेश लौटने का निर्णय किया।

अफरीदी लंका प्रीमियर लीग में हिस्सा लेने के लिए 24 नवंबर को श्रीलंका पहुंचे थे। उन्हें 27 नवंबर को मैदान में उतरने की मंजूरी मिली। उसी दिन उनकी टीम का पहला मैच भी था। श्रीलंका में अफरीदी के शरीर में कोविड-19 की एंटीबॉडी की जांच की गई। अफरीदी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। उसके बाद उनके शरीर के अंदर विकसित हुई है।

एलपीएल में अफरीदी की टीम का अब तक सफर निराशाजनक रहा है। उसने तीन मैच खेले हैं और तीनों में ही हार का सामना करना पड़ा है। वह पॉइंट टेबल में सबसे नीचे है। गाले ग्लेडिएटर्स टूर्नामेंट की एकलौती टीम है जिसका अब तक जीत का खाता नहीं खुला है। माना जा रहा है कि अफरीदी की गैरमौजूदगी में उप-कप्तान भानुका राजपक्षे टीम की कमान संभालेंगे। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 16 दिसंबर को खेला जाना है।