बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रहे शाहीन अफरीदी को बड़ी खुशखबरी मिली है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक शाहीन अफरीदी पिता बन गए हैं। उनकी पत्नी अंशा ने शनिवार को बेटे को जन्म दिया है। कुछ समय पहले यह खबरें आई थीं कि शाहीन पिता बनने वाले लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा होंगे।

शाहीन अफरीदी जाएंगे कराची

पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के व्हाट्सऐप ग्रुप में शाहीन अफरीदी के पिता बनने की खबर शेयर की गई। इसके साथ ही बच्चे की तस्वीर भेजी गई। दावा किया जा रहा है कि शाहीन ने बेटे का नाम आलियार शाहीन अफरीदी रखा है। शाहीन अफरीदी फिलहाल टीम के साथ रावलपिंडी में हैं। वह पहला टेस्ट खत्म होने के बाद बेटे और पत्नी से मिलने कराची जाएंगे। वह दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम से फिर जुड़ जाएंगे।

शाहिद अफरीदी को भी मिली मुबारकबाद

शाहीन अफरीदी के पिता बनने के साथ शाहिद अफरीदी भी नाना बन गए हैं। शाहीन की पत्नी अंशा शाहिद अफरीदी की बेटी हैं। ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अरशद नदीम ने शाहिद अफरीदी को नाना बनने और शाहीन अफरीदी को पिता बनने पर मुबारकबाद दी।

शाहीन का खास सेलिब्रेशन

शाहीन अफरीदी ने मैच में बांग्लादेश के हसन महमूद को बिना खाता खोले पवेलियन लौटा दिया। महमूद के तौर पर बांग्लादेश को 8वां झटका लगा। इसके बाद शाहीन ने हाथ में बच्चे को झुलाते हुए इशारा किया। इस सेलिब्रेशन ने पुष्टि कर दी कि शाहीन पिता बन चुके हैं। टीम के बाकी खिलाड़ियों ने भी उन्हें मुबारकबाद दी।