भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज से शादी की बात चल रही है। सपा विधायक और प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज ने भी इस पुष्टि की है। इससे पहले मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दोनों ने हाल ही में सगाई की है। मीडिया रिपोर्ट्स में अनुमान लगाया गया था कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज दोनों इसी साल शादी के बंधन में बंध जाएंगे।

तूफानी सरोज के हवाले से एबीपी न्यूज ने लिखा, ‘हम इस रिश्ते पर गंभीरतापूर्वक विचार कर रहे हैं। शादी का मामला है, इसलिये अभी बहुत कुछ सोच समझकर फैसला लेना होगा, लेकिन इन दोनों की सगाई की खबर सही नहीं है। हमारे बड़े दामाद वर्तमान में अलीगढ़ में CJM के पद पर तैनात हैं। रिंकू सिंह के घर वालों ने उनसे प्रिया और रिंकू के रिश्ते को लेकर बात की है।’ क्रिकेटर आमतौर पर अपनी जिंदगी को निजी रखते हैं और मीडिया से दूर रहना पसंद करते हैं।

Who Is SP MP Priya Saroj: Read Here In Hindi

रिंकू सिंह का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह मालिक शाहरुख खान के साथ अच्छा रिश्ता है। रिंकू सिंह ने एक बार बताया था कि शाहरुख खान ने उनकी शादी में शामिल होने और नाचने का वादा किया है।

कौन हैं प्रिया सरोज?

मछली शहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज तीन बार के सांसद और मौजूदा विधायक तूफानी सरोज की बेटी हैं। राजनीति में आने से पहले उन्होंने वकालत की। साल 2024 में, प्रिया ने भाजपा उम्मीदवार बीपी सरोज (भोलानाथ सरोज) को 35,850 वोटों के अंतर से हराकर अपना पहला लोकसभा चुनाव जीता।

प्रिया सरोज संसद के निचले सदन में चुने जाने वाली दूसरी सबसे कम उम्र की उम्मीदवार बन गईं। वह उत्तर प्रदेश से लोकसभा पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की सांसद हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए और एमिटी विश्वविद्यालय, नोएडा से एलएलबी की डिग्री हासिल की है।

रिंकू सिंह के करियर की झलकियां

रिंकू सिंह की बात करें तो वह इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने गए हैं। भारत बनाम इंग्लैंड टी20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 जनवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन पर खेला जाएगा। रिंकू सिंह भारत की टी20 विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा थे। वह टीम के साथ यात्रा करने वाले रिजर्व खिलाड़ी थे।

केकेआर के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह का आईपीएल करियर शानदार रहा है। उन्होंने 2018 से अब तक 45 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 30.79 के औसत और 143.34 के स्ट्राइक रेट से 893 रन बनाये हैं। इसमें उनके 4 अर्धशतक शामिल हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 67 रन है।

KKR ने 13 करोड़ में किया था रिटेन

रिंकू सिंह का हालांकि, आईपीएल 2024 सीजन सामान्य रहा था। वह आईपीएल 2024 में 18.67 के औसत और 148.67 के स्ट्राइक रेट से 14 मैच में सिर्फ 168 रन ही बना पाये थे। इसके बावजूद केकेआर ने उनको 13 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। वह केकेआर नंबर वन रिटेंशन थे।

उन्होंने भारत के लिए अब तक 30 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 507 रन बनाए हैं। उन्होंने 2 वनडे इंटरनेशनल मैच भी खेले हैं, जिसमें उन्होंने 55 रन बनाये हैं। कठिन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने की अपनी क्षमता के लिए जाने जाने वाले रिंकू ने अक्सर दमदार बल्लेबाजी प्रदर्शन से प्रभावित किया है।