अनुभवी सौरव घोषाल की अगुआई में भारतीय पुरुष टीम ने फाइनल में कुवैत के खिलाफ 2-0 से जीत के साथ एशियाई स्क्वैश टीम चैंपियनशिप में अपना पहला स्वर्ण पदक जीता। रमित टंडन ने अली अरामजी (11-5, 11-7, 11-4) पर सीधे गेम में जीत हासिल की। इससे भारत को 1-0 की बढ़त मिली। इसके बाद भारत के स्टार खिलाड़ी सौरव घोषाल ने जीत पर मुहर लगा दी।
सौरव घोषाल ने अम्मार अल्तामिमी को 11-9, 11-2, 11-3 से हराकर टीम को अजेय बढ़त दिलाई। अभय सिंह और फलाह मोहम्मद के बीच तीसरा मैच नहीं खेला गया, क्योंकि रमित टंडन और सौरव घोषाल की जीत के बाद से भारत का स्वर्ण पदक पक्का हो गया था।
भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 2-1 से हराने से पहले कतर, पाकिस्तान, कुवैत, दक्षिण कोरिया और चीनी ताइपे पर 3-0 से जीत हासिल की थी और पूल ए में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
भारतीय महिलाओं को कांस्य पदक से करना पड़ा संतोष
भारत की महिला टीम को सेमीफाइनल में मलेशिया से 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। उसे कांस्य पदक मिला। पूल बी में महिला भारतीय टीम दो जीत और एक हार के साथ दूसरे स्थान पर रही। भारतीय महिलाओं ने ईरान और सिंगापुर को 3-0 से हराया। हालांकि, शुरुआती चरण में हॉन्गकॉन्ग के खिलाफ 0-3 से मैच हार गईं।
राष्ट्रमंडल खेलों में भी सौरव घोषाल ने रचा था इतिहास
सौरव घोषाल ने 3 अगस्त 2022 की रात बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी इतिहास रचा था। तब वह राष्ट्रमंडल खेलों में एकल पदक जीतने वाले पहले भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी बने थे। उन्होंने कांस्य पदक के लिए हुए मैच में इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को 11-6, 11-1, 11-4 से हराया था।
दिनेश कार्तिक और सौरव घोषाल हैं ‘साढ़ू भाई’
सौरव घोषाल भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक के साढ़ू हैं। सौरव घोषाल की पत्नी दिया पल्लीकल (Diya Pallikal Ghosal) और दिनेश कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल (Dipika Pallikal Karthik) सगी बहने हैं। दिया पल्लीकल दीपिका की बड़ी बहन हैं।
दीपिका और दिया की मां सुसान पल्लीकल (Susan Pallikal) पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। सुसान पल्लीकल देश के लिए 7 टेस्ट और 2 वनडे इंटरनेशनल मैच खेल चुकी हैं। सौरव ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में मिक्स्ड डबल्स में दीपिका पल्लीकल संग मिलकर रजत पदक जीता था।