सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर पर एक बार फिर से मुंबई इंडियंस ने भरोसा जताया है। नीता अंबानी की टीम ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन (IPL 2022 Mega Auction) में जूनियर तेंदुलकर को 30 लाख रुपए की कीमत पर अपने साथ जोड़ लिया है। इससे पहले पिछले सीजन में मुंबई ने अर्जुन को 20 लाख के बेस प्राइज पर अपने साथ शामिल किया था।

अर्जुन तेंदुलकर के आईपीएल मेगा ऑक्शन में खरीदे जाने के बाद सारा तेंदुलकर ने खुशी व्यक्त करते हुए एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की। उन्होंने अपनी स्टोरी में एक फोटो लगाई और उसमें अर्जुन व मुंबई इंडियंस को टैग करते हुए हार्ट इमोजी लगाए। गौरतलब है कि पिछले साल सचिन तेंदुलकर के बेटे को चोट के कारण बीच सीजन से बाहर होना पड़ा था।

अर्जुन तेंदुलकर को अभी आईपीएल डेब्यू का इंतजार है। आशा करते हैं कि इस बार उन्हें पहली बार खेलते देखा जा सकता है। नीलामी की बात करें तो पिछली बार उनके ऊपर मुंबई के अलावा किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं जताई थी। लेकिन इस बार नई टीम गुजरात टाइटंस ने भी उनके ऊपर 25 लाख की दूसरी बोली लगाई थी। हालांकि, 30 लाख के ऊपर फ्रेंचाइजी ने खर्च करना सही नहीं समझा और अर्जुन मुंबई के हो गए।

सचिन और अर्जुन के नाम है ये रिकॉर्ड

सचिन तेंदुलकर और अर्जुन तेंदुलकर की जोड़ी आईपीएल इतिहास में नीलाम होने व किसी एक टीम के लिए खेलने वाली पिता-पुत्र की पहली जोड़ी है। मास्टर ब्लास्टर ने साल 2008 से 2013 तक 6 सीजन में मुंबई इंडियंस के साथ इस लीग में हिस्सा लिया था। वहीं अर्जुन तेंदुलकर को लगातार दूसरी बार फ्रेंचाइजी ने अपने साथ जोड़ा है और उनके डेब्यू का इंतजार है। मौजूदा वक्त में सचिन मुंबई के मेंटोर हैं।

सारा तेंदुलकर द्वारा लगाई गई इंस्टाग्राम स्टोरी

आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन संपन्न हो गए हैं और कुल 204 खिलाड़ियों को सभी 10 फ्रेंचाइजीज ने मिलकर चुना है। इसके अलावा मुंबई इंडियंस समेत चार फ्रेंचाइजीज ने पूरे 25 खिलाड़ियों का अपना स्क्वॉड पूरा कर लिया है। मुंबई इंडियंस ने इशान किशन के रूप में सीजन का सबसे महंगा खिलाड़ी खरीदा। इशान को फ्रेंचाइजी ने 15.25 करोड़ में अपने साथ जोड़ा।

यह है मुंबई इंडियंस का पूरा स्क्वॉड

रोहित शर्मा (16 Cr), जसप्रीत बुमराह (12 Cr), सूर्यकुमार यादव (8 Cr), कीरोन पोलार्ड (6 Cr), इशान किशन (15.25 Cr), डेवाल्ड ब्रेविस (3 Cr), अनमोलप्रीत सिंह (0.20 Cr), राहुल बुद्धी (0.20 Cr), आर्यन जुयाल (0.20 Cr), बासिल थम्पी (0.30 Cr), मुरुगन अश्विन (1.60 Cr), जयदेव उनादकट (1.30 Cr), मयंक मार्कनडे (0.65 Cr), टाइमल मिल्स (1.50 Cr), राइली मेरिडिथ (1 Cr), एन तिलक वर्मा (1.70 Cr), संजय यादव (0.50 Cr), जोफ्रा आर्चर (8 Cr), डैनियल सैम्स (2.6 Cr), टिम डेविड (8.25 Cr), मोहम्मद अरशद खान (0.20 Cr), रमनदीप सिंह (0.20 Cr), ऋतिक शौकीन (0.20 Cr), अर्जुन तेंदुलकर (0.30 Cr), फैबियन एलन (0.75 Cr)।