भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह का आज 40वां जन्मदिन है। इस मौके पर क्रिकेट जगत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया से सिक्सर किंग के लिए बधाइयों का तांता लगा है। इसी कड़ी में भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने भी युवराज सिंह को खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं।

सानिया मिर्जा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में युवराज सिंह के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में सानिया अपने बेटे इजाहन को गोद में लिए हैं और युवराज सिंह उनके साथ चलते नजर आ रहे हैं। सानिया ने युवी को बर्थडे विश करते हुए उनके लिए लिखा है- हैप्पी बर्थडे मोटू।

सानिया मिर्जा ने अपनी स्टोरी पर लिखा कि,’हैप्पी बर्थडे मोटू। 18 साल की दोस्ती के बाद भी जब तुम बोलते हो तो मेरे चेहरे पर वो ही कंफ्यूजन वाले एक्सप्रेशन होते हैं। आपका ये जन्मदिन बेहद शानदार रहे।’

युवी के लिए लगा बधाइयों का तांता

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भी युवराज सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए एक ट्वीट किया। इस ट्वीट में युवराज सिंह के इंटरनेशनल रिकॉर्ड भी लिखे गए हैं। इसके अलावा बीसीसीआई ने भी युवराज के रिकॉर्ड्स को दर्शाते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सानिया मिर्जा ने युवराज सिंह के लिए लगाई स्टोरी (सोर्स- इंस्टाग्राम mirzasaniar)

इसके अलावा सचिन तेंदुलकर ने भी युवराज सिंह के साथ अपनी फोटो शेयर करते हुए उन्हें बर्थडे विश किया। तो भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली ने भी युवराज को बर्थडे विश करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया और उनकी तारीफें की। इस वीडियो में उन्होंने कहा कि, उनमें और युवी में काफी समानताएं भी हैं।

आपको बता दें कि युवराज का जन्म 12 दिसंबर 1981 को चंडीगढ़ में हुआ था। उनके पिता का नाम योगराज सिंह और माता का नाम शबनम सिंह है। उन्होंने 2000 में भारत के लिए केन्या के खिलाफ डेब्यू किया था। इसके बाद 2019 में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। भारत को 2007 में टी20 और 2011 में वनडे चैंपियन बनाने में युवी का अहम योगदान रहा था।

युवराज सिंह के नाम 11778 अंतर्राष्ट्रीय रन दर्ज हैं। उन्होंने भारत के लिए कुल 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 मुकाबले खेले हैं। 2007 टी20 वर्ल्ड कप में उनके नाम लगातार 6 छक्के और 12 गेंदों पर सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। इसके अलावा उन्होंने 132 आईपीएल मुकाबले भी खेले हैं जहां उनके बल्ले से 2750 रन निकले हैं।