भारत की टेनिस स्टार सानिया मिर्जा ने इसी साल क्रिकेटर शोएब मलिक से अपने तलाक की पुष्टि की। इस ऐलान के बाद शोएब मलिक ने तो पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद से दूसरी शादी की लेकिन सानिया अभी भी सिंगल है। कुछ समय से उनका और भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी का नाम जोड़ा जा रहा है और अब सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने इसे लेकर बड़ा बयान दिया है।

मोहम्मद शमी से सगाई की अफवाहें

कुछ समय से ऐसी अफवाहें आ रही थीं कि शोएब के बाद सानिया ने भी जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की सगाई हो रही है। यही नहीं दोनों की शादी के नकली फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। अब सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने इन अफवाहों को पूरी तरह गलत बताया है।

सानिया के पिता ने बताया सच

सानिया के पिता से इन अफवाहों पर जवाब मांगा गया। इमरान ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा, ‘यह सब बकवास है। सानिया कभी मोहम्मद शमी से मिली भी नहीं है।’सानिया टेनिस से रिटायरमेंट के बाद दुबई में रह रही हैं। वहीं मोहम्मद शमी चोटिल होने के कारण टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं।

शोएब मलिक से अलग हो चुकी हैं सानिया

सानिया मिर्जा ने साल 2010 में पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी की थी। पिछले साल दोनों की अलग होने की खबरें आने लगी थी। दोनों काफी समय तक इस मुद्दे पर खामोश रहे। इसके बाद सानिया की बहन और पिता ने आधिकारिक बयान जारी करके कहा कि सानिया ने शोएब से खुला ले लिया है। सानिया और शोएब का एक बेटा है जिसका नाम इजहान मिर्जा है। इजहान सानिया के साथ दुबई में रहता है।

हज पर गईं सानिया मिर्जा

सानिया इस समय हज पर गई हुई हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर इस बारे में जानकारी शेयर की थी। सानिया मिर्जा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेरे दोस्तो, मुझे हज की पवित्र यात्रा पर जाने की खुशकिस्मती हासिल हुई है।मैं अपने जीवन में बदलाव के सफर पर निकल रही हूं और आप सभी से अपनी सब गलतियों के लिए माफी मांगती हूं। मैं उम्मीद करती हूं कि अल्लाह मेरी दुआ को सुनेगा और मेरा मार्गदर्शन करेगा। मुझे बहुत भाग्यशाली होने की अनुभूति हो रही है।’