सानिया मिर्जा हमेशा से ऐसी एथलीट रही हैं जो कि खुलकर अपनी बात रखती हैं। उन्हें किसी का समर्थन करना हो या फिर किसी का विरोध, सानिया हमेशा बेबाकी से अपनी राय रखती आ रही हैं। इजरायल और गाजा के बीच युद्ध को लेकर भी सानिया ने कई बार सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। फिर उन्होंने ऐसा ही किया।

सानिया मिर्जा ने शेयर की रील

सानिया ने बुधवार को इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में गाजा में हो रही अजान सुनाई दे रही है। इस इंस्टाग्राम रील में लिखा गया, ‘गाजा में हो रही है अजान। आप उनके टूटे दिल का दर्द सुन सकते हैं। कुछ समय निकालकर उनके लिए दुआ कीजिए।’ सानिया ने इस वीडियो को शेयर करते हुए टूटे हुए दिल वाली इमोजी भी पोस्ट की।

रमजान में भी शेयर की थी स्टोरी

यह पहला मौका नहीं है जब सानिया ने गाजा को लेकर अपने दिल की बात बयान की। उन्होंने रमजान के महीने में भी ऐसी ही पोस्ट शेयर की थी। भारतीय टेनिस स्टार ने इंस्टा स्टोरी पर पोस्ट शेयर की थी। इस स्टोरी में लिखा, ‘गाज़ा में एक परिवार ने पकी घास के साथ रोजा खोला। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “14 घंटे रोज़ा रहने के बाद, एक परिवार ने गाज़ा में नींबू और पकी हुई घांस के साथ रोज़ा खोला। आपने सही पड़ा, घास!” सानिया ने तब भी दिल तोड़ने वाला इमोजी शेयर किया था। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की पत्नी ने भी राफा से जुड़ी स्टोरी शेयर की थी। हालांकि ट्रोलिंग के बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था।

बाबर आजम ने भी की थी दुआ करने की अपील

पाकिस्तानी कप्तान बाबर आजम ने भी रमजान में गाजा में रह रहे लोगों के लिए दुआ करने की अपील की थी। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘आप सभी को रमदान मुबारक। इस पवित्र महीने में अपने प्रियजनों को अपने करीब रखें, विनम्रता के लिए हाथ आगे बढ़ाएं। गाजा में रह रहे अपने भाई और बहनों को अपनी दुआ में याद करें। हम सभी को साथ रहने में शांति मिले, दूसरों को देने में खुशी मिले और एकता में मजबूती मिले।’