भारतीय टेनिस की दुनिया में साल 2003 में 17 वर्षीय एक युवा लड़की ने कदम रखा था। उस वक्त किसी ने नहीं सोचा था कि यह लड़की एक दिन इतिहास रचेगी और देश के लिए 6 ग्रैंडस्लैम भी जीतेगी। वह लड़की कोई और नहीं बल्कि सानिया मिर्जा हैं जिन्होंने अब अपने करियर पर पूर्ण विराम लगाने का फैसला ले लिया है।
सानिया मिर्जा ने 2003 में सीनियर लेवल पर अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की थी। 2022 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के दौरान ही उन्होंने इस सीजन के बाद संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उनका यह सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। इस दौरान उन्होंने काफी संघर्ष किए और काफी चुनौतियों का भी सामना किया है।
सानिया के खिलाफ उन्हीं के धर्म के लोगों ने उठाए सवाल
सानिया मिर्जा के खिलाफ शुरुआती दिनों में टेनिस खेलने के दौरान उनके छोटी ड्रेस पहनने को लेकर फतवा भी जारी हो चुका है। 2005 में एक धर्म गुरु ने उनके खिलाफ फतवारी जारी करते हुए उनकी ड्रेस को लेकर आपत्ति जताई थी। हालांकि, भारतीय टेनिस स्टार ने साफ कह दिया था कि वह खुद फैसला करेंगी कि उन्हें क्या पहनना है।
इसके बाद 2007 में एक धार्मिक स्थल पर शूटिंग करने के लिए भी सानिया मिर्जा धार्मिक गुरू के निशाने पर आ चुकी हैं। 2008 में तिरंगे की तरफ पैर करके बैठने के लिए भी उनके ऊपर निशाना साधा गया था। सानिया पर इसके बाद तिरंगे का अपमान करने का भी आरोप लग चुका है।
सानिया मिर्जा की टूट गई थी सगाई
सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने 12 अप्रैल 2010 को हैदराबाद में शादी की थी। इससे पहले सानिया की 2009 में बचपन के दोस्त सोहराब मिर्जा के साथ सगाई टूट गई थी। दोनों की सगाई टूटने के पीछे का कारण फिलहाल कुछ सामने नहीं आया था लेकिन परिवार वालों ने कहा था कि सोहराब और सानिया ने मिलकर ये फैसला लिया है।
यह भी बताया जाता था कि, सोहराब हैदराबाद के बेकरी व्यवसायी के बेटे हैं जो उस वक्त एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। सानिया व सोहराब दोनों ने सेंट मैरी कॉलेज में एकसाथ पढ़ाई की थी। सानिया और सोहराब दोनों के परिवारों में भी पुरानी दोस्ती रही है।
सानिया मिर्जा ने अपने करियर में अब तक 6 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। इसमें 3 मिक्स्ड डबल्स और 3 विमेन्स डबल्स के खिताब शामिल हैं। उन्होंने विमेन्स डबल्स में 2015 में विम्बलडन व यूएस ओपन और 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में 2009 में विम्बलडन, 2012 में फ्रेंच ओपन और 2014 में यूएस ओपन का खिताब सानिया जीत चुकी हैं।