भारत के रोहन बोपन्ना अपने जोड़ीदार मैथ्यू एबडेन के साथ आस्ट्रेलियाई ओपन के सेमीफाइनल में पहुंच गए। इसके साथ ही वह दुनिया में मेन्स डबल्स रैंकिंग में नंबर 1 बनने वाले सबसे उम्रदराज टेनिस खिलाड़ी बन जाएंगे। 43 साल के रोहन बोपन्ना टूर्नामेंट से पहले विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर थे।

रोहन बोपन्ना ने ऑस्ट्रेलिया के एबडेन के साथ छठी वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के मैक्सिमो गोंजालेस और आंद्रेस मोल्तेनी को करीब पौने दो घंटे तक चले क्वार्टर फाइनल में 6-4, 7-6 से हराया। अब उनका सामना थॉमस माचाक और झिंझेन झांग की गैर वरीय जोड़ी से होगा।

रोहन बोपन्ना टूर्नामेंट खत्म होने के बाद सोमवार 29 जनवरी 2024 को पुरुष युगल रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच जाएंगे। इससे पहले अमेरिका के राजीव राम अक्टूबर 2022 में 38 साल की उम्र में शीर्ष रैंकिंग पर पहुंचे थे। रोहन बोपन्ना की इस उपलब्धि पर सानिया मिर्जा ने भी खुशी जाहिर की है।

सानिया मिर्जा ने रोहन बोपन्ना के साथ वाली तस्वीर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी बनाया। यही नहीं उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट शेयर की। सानिया मिर्जा ने लिखा, ‘बहुत गर्व है Ro.’ इसके बाद सानिया ने ब्लू हार्ट वाली इमोजी भी शेयर की। उन्होंने आगे लिखा, ‘कोई भी इससे ज्यादा की चाहत नहीं रखता है। नंबर वन रोहन बोपन्ना।’

Sania Mirza, Rohan Bopanna, Tennis News, Sports News
सानिया मिर्जा ने इस तस्वीर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी बनाया।

सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना 2023 में ऑस्ट्रेलियाई ओपन के फाइनल में लुइसा स्टेफनी और राफेल माटोस से हार गए थे। तब सानिया ने बताया था कि वह पहली बार 14 साल की उम्र में रोहन की डबल्स में पार्टनर बनी थीं। उस समय रोहन 20 साल के थे।

हाल ही में हुई सानिया-शोएब की तलाक की पुष्टि

सानिया मिर्जा की रोहन बोपन्ना को लेकर की गई यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल है। यूजर्स उन्हें धैर्य बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं। साथ ही यह दिलासा दे रहे हैं कि पूरा भारत उनके साथ है। बता दें कि हाल ही में सानिया मिर्जा और शोएब मलिक के बीच तलाक होने की पुष्टि हुई है।

सानिया के पूर्व पति और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने 22 जनवरी 2024 को इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये बताया कि उन्होंने एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह कर लिया है। उसके बाद सानिया के पिता इमरान मिर्जा ने बताया था कि सानिया खुला प्रथा के जरिये शोएब मलिक से अलग हुईं हैं।

नंबर वन टेनिस खिलाड़ी बनाने वाले चौथे भारतीय बनेंगे

मैथ्यू एबडेन रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंचेंगे। रोहन बोपन्ना 2013 में पहली बार विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर पहुंचे थे। वह डबल्स रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले लिएंडर पेस, महेश भूपति और सानिया मिर्जा के बाद तीसरे भारतीय होंगे। वह अमेरिका के आस्टिन क्राइजेक से शीर्ष स्थान लेंगे। आस्टिन क्राइजेक क्रोएशिया के इवान डोडिज के साथ दूसरे दौर में हार गए थे।

रोहन बोपन्ना ने 2017 में कनाडा की गैब्रियला डाब्रोवस्की के साथ फ्रेंच ओपन मिश्रित युगल खिताब जीता। वह पुरुष युगल में 2010 अमेरिकी ओपन में पाकिस्तान के ऐसाम उल हक कुरैशी के साथ और 2023 में एबडेन के साथ उपविजेता रहे थे। रोहन बोपन्ना मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट में पुरुष युगल खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उन्होंने पिछले साल एबडेन के साथ इंडियन वेल्स टूर्नामेंट जीता था।