पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शोएब मलिक ने सानिया मिर्जा को तलाक देकर पाकिस्तानी एक्ट्रेस सना जावेद से निकाह कर लिया है। शनिवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर सना जावेद के साथ निकाह की फोटो शेयर कर अपना रिश्ता ऑफिशियली कर दिया। इसी के साथ शोएब और सानिया की राहें भी हमेशा के लिए जुदा हो गईं। शोएब मलिका ने सना जावेद से भले ही अब निकाह किया हो, लेकिन दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से डेट कर रहे थे।
मलिक के तलाक से पहले डेट कर रही थीं सना
शोएब मलिक और सानिया मिर्जा के बीच खराब रिश्तों की खबरें पिछले एक साल से मीडिया में आने लगी थीं और माना जा रहा है कि तभी से मलिक और सना की करीबियां बढ़ना शुरू हुई थीं। शोएब और सना जावेद के बीच अफेयर की अटकलें पिछले साल मार्च से ही लगना शुरू हो गई थीं। 25 मार्च 2023 को शोएब मलिक ने सना को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से बर्थडे विश किया था। शोएब ने सना के साथ फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, “हैप्पी बर्थडे Buddy।”
2022 से सानिया और शोएब के खराब हुए रिश्ते
बता दें कि शोएब मलिक और सानिया मिर्जा की 2010 में शादी हुई थी। 10 साल तो यह शादी बढ़िया चली, लेकिन 2022 में उनके खराब संबंधों की खबरें आने लगी थीं। शोएब और सानिया न भारत में और ना पाकिस्तान में बल्कि दुबई में रह रहे थे। सानिया से तलाक के बाद शोएब ने जिस पाकिस्तानी एक्ट्रेस से निकाह किया है वह सना जावेद कई टीवी सीरियल में काम कर चुकी हैं। सना जावेद भी पहली शादी तोड़ चुकी हैं। सना जावेद ने 2020 में गायक उमेर जैसवाल से शादी की थी लेकिन दो महीने बाद ही उनका तलाक हो गया।
सानिया तंग थी शोएब के अफेयर से
शोएब मलिक की दूसरी शादी से 2 दिन पहले सानिया मिर्जा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट डाली थी। उनकी पोस्ट में तलाक का दर्ज छलका था। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सानिया मिर्जा को शोएब मलिक के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में पता था और वह इससे खुश नहीं थीं। सानिया ने इसी वजह से शोएब से तलाक की अर्जी डाली थी।