भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को अचानक ही साक्षी रावत (अब साक्षी धोनी) से शादी कर सभी को चौंका दिया था। लेकिन इतने सालों में ये कभी नहीं पता चल पाया कि दोनों की मुलाकात कैसे हुई थी। साक्षी ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक शानदार फोटो शेयर कर धोनी से अपनी पहली मुलाकात की जानकारी दी है।

दरअसल एमएस धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी और बेटी जीवा के साथ एक शादी समारोह में गए थे। इसी समारोह की एक तस्वीर धोनी की पत्नी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। इस तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने ये भी बताया है कि 14 साल पहले दिसंबर में ही दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी।

यानी 2007 दिसंबर में साक्षी और एमएस पहली बार मिले थे। इसके तकरीबन ढाई साल बाद जुलाई 2010 में दोनों ने शादी की थी। साक्षी ने अपने पोस्ट में अपने दिल की बात बताते हुए लिखा कि,’14 साल की अपनी मुलाकात को चीयर्स। #December #jabwemet (यानी दिसंबर 2007 में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी)।’

साक्षी के इस पोस्ट पर कई स्टार्स ने कमेंट किया है। पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट, एक्ट्रेस और सिंगर सोफी चौधरी ने कमेंट करते हुए दोनों के कपल को शानदार बताया है। इसके अलावा रॉबिन उथप्पा की पत्नी शीतला ने भी हार्ट इमोजी पोस्ट किए हैं। इसके अलावा ज्यादा धोनी फैंस ने इस फोटो को पसंद किया और कमेंट किए हैं।

गौरतलब है कि 2007 सितंबर-अक्टूबर में ही भारतीय टीम ने पहली बार टी20 विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। उस टीम के कप्तान थे एमएस धोनी। यानी इस उपलब्धि के करीब दो महीनों बाद धोनी की साक्षी से मुलाकात हुई थी।

एमएस धोनी पर बनी बायोपिक, ‘MS Dhoni The Untold Story’ के मुताबिक दोनों की पहली बार मुलाकात किसी होटल में हुई थी। धोनी वहां रुके थे और साक्षी वहां के मैनेजमेंट स्टाफ में इंटर्न थीं। अगर इस फिल्म के वाकिये को सच मानें तो ये वाकिया दिसंबर 2007 का माना जा सकता है जब धोनी और साक्षी पहली बार एक दूसरे से मिले थे।