क्रिकेट दुनिया के सबसे प्रसिद्ध खेलों में से एक है। एशिया समेत पूरे यूरोप में क्रिकेट को ज्यादातर देशों द्वारा पसंद किया जाता है। क्रिकेट के मैदान पर हर दिन एक नया रिकॉर्ड बनता है और एक पुराना रिकॉर्ड टूटता है। इसी कड़ी में कुछ ऐसे रिकॉर्ड भी होते हैं जो आजतक अटूट हैं। इनमें से कुछ रिकॉर्ड गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की सूची में भी मौजूद हैं।
एमएस धोनी से लेकर सचिन तेंदुलकर तक कई भारतीय क्रिकेटर्स के नाम ये रिकॉर्ड दर्ज हैं। इसके अलावा इंग्लैंड के जोस बटलर और पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर भी इस लिस्ट में शामिल हैं। आइए अब आपको एक-एक करके बताते हैं ऐसे खिलाड़ियों के नाम जिनका नाम इस सूची में शामिल है।
एमएस धोनी (सबसे महंगा बैट)
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का वो बल्ला इस रिकॉर्ड का हिस्सा है जिससे उन्होंने वर्ष 2011 विश्वकप के फाइनल में छक्का जड़कर भारत को विश्व विजेता बनाया था। दरअसल धोनी द्वारा लंदन में आयोजित किए गए इवेंट “ईस्ट मीट्स वेस्ट” के दौरान उनके इस खास बल्ले को आरके ग्लोबल शेयर्स ने 100,000 युरो में खरीदा था।
भारतीय करेंसी में (1,22,12,854.16 रुपए या 1 करोड़ 22 लाख 12 हजार 854 रुपए) में खरीदा था। इस फंड से जमा हुई धनराशि का उपयोग “साक्षी फाउंडेशन” के अंतर्गत सुविधा से वंचित गरीब बच्चों के विकास और बेहतर भविष्य के लिए किया गया था।
सचिन तेंदुलकर (सबसे ज्यादा रन)
सचिन तेंदुलकर को क्रिकेट का भगवान क्यों कहा जाता है इसका अंदाजा इस बात से हम लगा सकते हैं कि उनके नाम एक नहीं बल्कि अनेक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज हैं। 2014 में गिनीज की 60वीं वर्षगांठ पर उनको सम्मानित किया गया था। उस वक्त उनके नाम 19 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज थे।
सचिन तेंदुलकर दुनिया में सबसे ज्यादा वनडे और टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। इसके अलावा वे दुनिया के इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने 100 सेंचुरी लगाई हैं। इसके अलावा 1992, 1996, 1999, 2003, 2007 और 2011 वनडे वर्ल्ड कप खेलने वाले सचिन ने इस टूर्नामेंट की कुल 44 पारियों में 2,278 रन बनाए हैं। जो कि एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है।
राजा महाराज सिंह (फर्स्ट क्लास डेब्यू करने वाले सबसे उम्रदराज क्रिकेटर)
बॉम्बे (वर्तमान मुंबई) के गवर्नर राजा महाराज सिंह को काफी देर बाद क्रिकेट के प्रति अपने जज्बे का अहसास हुआ। देर से ही सही उन्होंने अपने इस सपने को साकार किया। कठपुरा के शाही परिवार में जन्मे महाराज सिंह ने 72 वर्ष और 192 दिनों की आयु में फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया जो कि एक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उनका डेब्यू मैच गवर्नर इलेवन और कॉमनवेल्थ इलेवन के बीच में हुआ था।
शोएब अख्तर (सबसे तेज गेंद)
शोएब अख्तर जिन्हें रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से भी जाना जाता है उनका नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। उनकी गिनती दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में की जाती है। उनके नाम क्रिकेट में सबसे तेज गेंद 161.3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने ऐसा 22 फरवरी 2003 को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ किया था।
विराग मारे (सबसे बड़ा नेट सेशन)
24 वर्षीय युवा खिलाड़ी विराग मारे ने 24 दिसंबर 2015 के दिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवा दिया। इस नवयुवक के नाम क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा समय तक व्यक्तिगत रूप से नेट्स में अभ्यास करने का रिकॉर्ड दर्ज है। पिछले रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए मारे ने 3 दिन और 2 रात तक बल्लेबाजी की।
कार्वेनगर स्थित महालक्ष्मी मैदान पर मारे ने 22 दिसंबर को नेट्स में खेलना शुरू किया। इस दौरान उन्होंने 2,247 ओवर खेलकर 14682 गेंदों का 50 घंटे पांच मिनट और 51 सेकंड के लिए सामना किया। ऐसा करते हुए विराग ने डेव न्यूमैन और रिचर्ड वेल्स का नेट्स सत्र में 48 घंटों तक बल्लेबाजी करने का रिकॉर्ड तोड़ा था।
जोस बटलर (सबसे महंगी क्रिकेट जर्सी)
2019 वर्ल्ड कप जीतने वाली चैंपियन टीम का हिस्सा थे विकेटकीपर बल्लेबाज जोश बटलर। उन्होंने पिछले साल, कोरोना के प्रकोप के बाद रॉयल ब्रॉम्प्टन और हरेफील्ड हॉस्पिटल के लिए धन राशि इकट्ठा करने के लिए फाइनल मैच में पहनी जर्सी को नीलामी में शामिल कर दिया था। उनकी जर्सी को £65,100 (65,42,288.04 रुपए या 65 लाख 42 हजार 288 रुपए) में बेच दिया गया।