भारत का 12वें दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्णिम अभियान जारी रहा और उसने अपने तैराकों, पहलवानों और भारोत्तोलकों की बदौलत लगातार दूसरे दिन दबदबा बनाते हुए दांव पर लगे अधिकांश स्वर्ण पदक अपने नाम किए। भारत 28 स्वर्ण, 12 रजत और तीन कांस्य पदक के साथ कुल 43 पदक जीतकर शीर्ष पर चल रहा है। श्रीलंका आठ स्वर्ण, 17 रजत और 13 कांस्य पदक के साथ दूसरे स्थान जबकि पाकिस्तान दो स्वर्ण, तीन रजत और सात कांस्य के साथ तीसरे पर है। भारत के लिए रविवार को सबसे ज्यादा 10 पदक तैराकों ने जीते जिसमें चार स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य पदक शामिल रहा। पहलवानों ने चार स्वर्ण और एक रजत जबकि भारोत्तोलकों ने तीन स्वर्ण पदक जीते।

शनिवार को तीन स्वर्ण सहित 11 पदक जीतने वाले भारतीय तैराक रविवार को भी छाए रहे। तैराकी की सात स्पर्धा में खेलों के पांच नए रेकार्ड बने जिसमें भारत के संदीप सेजवाल ने नए रेकार्ड के साथ अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। भारत के स्टार वीरधवल खाड़े हालांकि पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल में श्रीलंका के प्रतिभावान मैथ्यू अबयसिंघे से पिछड़ गए। अबयसिंघे ने प्रतियोगिता में अब तक सर्वाधिक तीन स्वर्ण पदक जीते हैं। अबेयसिंघे ने 23.33 सेकेंड के रेकार्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता और वे सैग खेलों के सबसे तेज तैराक बने। उन्होंने खाड़े के 2010 में ढाका में बनाए 23.75 सेकेंड के रेकार्ड में सुधार किया। खाडेÞ ने भी 23.54 सेकेंड के समय के साथ अपने रेकार्ड में सुधार किया लेकिन उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

शनिवार को 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में स्वर्ण जीतने वाले सेजवाल ने रविवार को 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में एक मिनट 3.14 सेकेंड के खेलों के नए रेकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2010 में बनाए एक मिनट 5.01 सेकेंड के अपने ही रेकार्ड में सुधार किया। भारत के ही पुनीत राणा ने एक मिनट 3.80 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता जबकि श्रीलंका के किरण जयसिंघे के खाते में कांस्य पदक गया।

पुरुष 1500 मीटर फ्रीस्टाइल में केरल के सजन प्रकाश ने 15 मिनट 55.30 सेकेंड के साथ अपना पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने हमवतन सौरभ सांग्वेकर (16 मिनट 13.2 सेकेंड) और बांग्लादेश के मोहम्मद माहफिजुर रहमान (17 मिनट 12.0 सेकेंड) को पछाड़ा। महिला 400 मीटर व्यक्तिगत मेडले में भारत की सयानी घोष ने पांच मिनट 14.51 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि उनकी हमवतन श्रद्धा सुधीर (पांच मिनट 23.32 सेकेंड) ने रजत पदक जीता।

एम अरविंद ने पुरुष 200 मीटर बैकस्ट्रोक में भारत को दिन का चौथा स्वर्ण दिलाया। महिला 200 मीटर बैकस्ट्रोक में माना पटेल ने दो मिनट 22.06 सेकेंड के साथ रजत पदक जीता। श्रीलंका की किमिको रहीम ने दो मिनट 18.09 के सेकेंड के रेकार्ड समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। भारत के लिए एकमात्र कांस्य पदक महिला 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में चाहत आरोड़ा ने जीता।

दूसरे दर्जे की टीम भेजने के बावजूद भारत 12वें दक्षिण एशियाई खेलों की कुश्ती स्पर्धा के दूसरे दिन भी अपने प्रतिद्वंद्वियों पर दबदबा बनाने में सफल रहा और मेजबान देश के पहलवानों ने चार स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। एशियाई चैंपियनशिप 2013 के विजेता अमित धनखड़ (पुरुष 70 किग्रा फ्रीस्टाइल), प्रदीप (पुरुष 61 किग्रा फ्रीस्टाइल), ममता (महिला 53 किग्रा) और मंजू कुमारी (महिला 58 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते जबकि गोपाल यादव को पुरुष 86 किग्रा फ्रीस्टाइल के फाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इमाम के खिलाफ शिकस्त के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत कुश्ती स्पर्धा के दो दिन में दांव पर लगे 10 में से नौ स्वर्ण पदक जीता चुका है। मेजबान देश के पहलवानों ने शनिवार को सभी पांच स्वर्ण पदक जीते थे।

धनखड़ ने फाइनल में बैजनाथ यादव को हराया। रैफरी ने पहले राउंड में ही मुकाबले को रुकवा दिया जब भारतीय पहलवान ने 10 तकनीकी अंक की बढ़त बना ली। प्रदीप ने फाइनल में अब्दुल वहाली को 4-0 से हराया। महिला वर्ग में मंजू ने 58 किग्रा वर्ग के फाइनल में श्रीलंका की डब्लू वीराबाहु को हराया। रैफरी को यह मुकाबला भी पहले राउंड में ही रोकना पड़ा। ममता ने श्रीलंका की पी विजेसिंघे को 53 किग्रा वर्ग में 4-0 से हराया।

शिलांग में वाई सपना देवी और अंजुल नामदेव ने वुशु स्पर्धा में भारत का खाता खोलते हुए महिला और पुरुष वर्ग में क्रम से स्वर्ण और कांस्य पदक जीता। सपना देवी ने दो अन्य पदक विजेताओं को बड़े अंतर से पछाड़ा। सपना ने लतिकोर में असम राइफल्स के राइजिंग सन खेल परिसर में महिला ताओलु (चांगक्वान) स्पर्धा में 9.45 अंक के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। नेपाल की सुष्मिता तमांग (8.72 अंक) को रजत जबकि पाकिस्तान की नाजिया परवेज (6.30 अंक) को कांस्य पदक मिला।

पुरुष ताओलु (चांगक्वान) स्पर्धा में नामदेव को 8.66 अंक के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। नेपाल के पीएलएच लक्षन (8.86 अंक) को स्वर्ण जबकि उनके हमवतन विजय सिंजाली (8.80 अंक) को रजत पदक मिला। भारतीय साइकिलिस्टों ने भी रविवार को एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक अपने नाम किया। लिडियामोल सन्नी और टोंगब्राम मनोरमा देवी ने महिला वर्ग की 40 किमी स्पर्धा में क्रम से स्वर्ण और रजत पदक प्राप्त किया। सन्नी ने 30 अंक से पहला स्थान हासिल किया जबकि मनोरमा ने 26 अंक प्राप्त किए। पुरुष वर्ग की 60 किमी क्रिटेरियम स्पर्धा में भारत के पंकज कुमार ने 21 अंक से कांस्य पदक जीता।

भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए नेपाल को 3-0 से हराया। उद्घाटन समारोह में ध्वजवाहक रही पीवी सिंधू ने सारा देवी को 15 मिनट में 21-2 21-8 से हराकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। युवा रुत्विका शिवानी गड्डे ने इसके बाद सिर्फ 15 मिनट में नेपाल की नंगसाल तमांग को 21-6 21-2 से हराकर मेजबान देश को 2-0 से आगे कर दिया। सिंधू और अश्विनी पोनप्पा ने युगल में सारा और नंगसाल को 25 मिनट में 21-10 21-8 से हराकर भारत की 3-0 से जीत सुनिश्चित की। इस बीच पुरुष टीम स्पर्धा में भारत ने अफगानिस्तान को 3-0 से हराया। अजय जयराम और एचएच प्रणय ने एकल में जीत दर्ज की जबकि अक्षय दिवालकर और प्रणय चोपड़ा की युगल जोड़ी ने क्लीनस्वीप सुनिश्चित किया जिससे भारत ग्रुप ए में शीर्ष पर चल रहा है।

पुरुष हाकी टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए अपने शुरुआती मुकाबले में बांग्लादेश को 4-1 से हराया। भारतीय टीम मध्यांतर तक 3-0 से आगे चल रही थी। भारत की ओर से प्रधान सोमन्ना (10वें मिनट), गगनप्रीत सिंह (27वें मिनट), नीलम संजीव (30वें मिनट) और मोहम्मद उमर ने गोल दागे। बांग्लादेश की ओर से एकमात्र गोल 42वें मिनट में मिलोन ने किया।

भारतीय महिला हाकी टीम ने भी अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए राउंड रोबिन के एकतरफा मुकाबले में नेपाल को 24-0 से रौंद दिया। भारत की ओर से स्ट्राइकर सौंदर्या एंदाला (15वें, 52वें, 62वें और 64वें मिनट) और पूनम बार्ला (सातवें, 42वें, 43वें और 51वें मिनट) ने चार-चार गोल दागे। रानी (दूसरे, 46वें और 48वें मिनट), जसप्रीत कौर (चौथे, 35वें और 56वें मिनट), नेहा गोयल (14वें, 22वें और 70वें मिनट) और दीपिका (53वें, 62वें और 67वें मिनट) ने तीन-तीन जबकि गुरजीत कौर (21वें और 41वें मिनट) और प्रीति दुबे (23वें और 29वें मिनट) ने भारत के लिए दो-दो गोल किए।

भारत को हालांकि स्क्वाश में निराशा हाथ लगी जिसमें देश के शीर्ष खिलाड़ी सौरव घोषाल और हरिंदर पाल सिंह संधू व्यक्तिगत पुरुष सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हार गए।

शीर्ष वरीय घोषाल फार्म में नहीं दिखे और फरहान जमां से 4-11, 5-11, 12-10, 5-11 से हार गए। संधू ने थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन चौथे गेम में मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्होंने मैच प्रतिद्वंद्वी दूसरे वरीय नासिर इकबाल के पक्ष में कर दिया। वे चोट के कारण हटने से पहले 7-11, 14-12, 7-11, 6-6 से पिछड़ रहे थे। यह पता नहीं चला कि संधू सोमवार को कांस्य पदक के मैच में घोषाल के खिलाफ खेलने के लिए फिट होंगे या नहीं।

महिलाओं की स्पर्धा में शीर्ष वरीय जोशना चिनप्पा ने सेमीफाइनल में आसानी से पाकिस्तान की सादिया गुल को 11-9, 11-7, 11-5 से हरा दिया। अब वे सेमीफाइनल में पाकिस्तान की ही एक अन्य खिलाड़ी से भिड़ेंगी।