मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने मैदान से सात महीने दूर रहने के बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में शानदार वापसी की। हाल ही में सानिया चंडोक से सगाई करने वाले इस युवा ऑलराउंडर ने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी साझा करते हुए बताया कि 7 महीने बाद मैच खेलते हुए उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लिया।

कर्नाटक के थिम्मप्पा मेमोरियल टूर्नामेंट 2025 में महाराष्ट्र के खिलाफ गोवा के लिए अर्जुन ने मंगलवार (9 सितंबर) को दमदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट भी झटके। अर्जुन ने बल्ले से भी अच्छा प्रदर्शन किया। उनके ऑलराउंडर प्रदर्शन से गोवा को बढ़त हासिल करने में मदद मिली।

अर्जुन ने खोला पंजा

अर्जुन मैच की पहली गेंद पर अनिरुद्ध साबले को सुयश प्रभुदेसाई के हाथों कैच कराया। इसके बाद उन्होंने महेश म्हस्के को एलबीडब्ल्यू किया। उन्होंने 1 रन बनाए। अर्जुन ने दिग्विजय पाटिल को बोल्ड किया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। अर्जुन ने 54 रन बनाने वाले मेहुल पटेल का विकेट झटका। उन्होंने नदीम शेख को आउट करके महाराष्ट्र की पारी को पहली पारी में 136 रन पर समेटने में मदद की। अर्जुन ने 14 ओवर में 36 रन देकर 5 विकेट लिए।

गोवा ने 197 रन की बढ़त हासिल की

गोवा ने पहली पारी में 333 रन बनाए और 197 रन की बढ़त हासिल की। अभिनव तेजराणा ने 77, कप्तान दर्शन मिशल ने 61 और मोहित रेडकर ने 58 रन बनाए। अर्जुन तेंदुलकर ने 44 गेंद पर 6 चौके की मदद से नाबाद 36 रन बनाए। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक महाराष्ट्र ने 43 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाए। गोवा के 70 रन की बढ़त है। अर्जुन ने दूसरी पारी में 9 ओवर किए हैं, लेकिन विकेट नहीं मिला। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में, अर्जुन ने 17 मैच खेले हैं, जिसमें 37 विकेट लिए हैं। एक बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। एक शतक और दो अर्धशतक भी लगाए हैं।