दुनिया के ऑलटाइम ग्रेट बल्लेबाजों में से एक सचिन तेंदुलकर ने अपने समय में दुनिया कई खतरनाक गेंदबाजों को सामना किया है। उन्होंने शेन वॉर्न, मुथैया मुरलीधरन, ग्लेन मैक्ग्रा, वकार यूनिस, वसीम अकरम, कर्टनी वॉल्श और एलन डोनाल्ड जैसे दिग्गजों की गेंद पर चौके-छक्के मारे हैं। कई बार लोग इस लेकर चर्चा करते हैं कि अगर तेंदुलकर मौजूदा समय में होते तो किस तरह गेंदबाजों का सामना करते और किसकी गेंद को खेलना पसंद करते। अब खुद सचिन ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस बारे में बात की।

तेंदुलकर अगर इस दौर में होते तो क्या वो पैट कमिंस, जोफ्रा आर्चर, जसप्रीत बुमराह, नाथन लियोन, मिशेल स्टार्क या कगिसो रबाडा का सामना करना चाहते। नहीं, ऐसा नहीं है। उन्होंने इन बेहतरीन गेंदबाजों के अलावा एक ऐसे बॉलर का नाम लिया, जिसे जानकर सब हैरान हो गए। तेंदुलकर ने कहा कि वो अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान का सामना करना चाहते। उन्होंने राशिद को खतरनाक बताया। तेंदुलकर आईपीएल में 2013 में आखिरी बार खेले थे। उन्होंने उसी साल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। दूसरी ओर, राशिद ने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज 2015 में किया। वे पहली बार आईपीएल 2017 में खेले थे। इस कारण दोनों का आमना-सामना नहीं हो सका।

सचिन ने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘अगर मुझे इस पीढ़ी के किसी गेंदबाज का सामना करना है, तो वह राशिद खान होगा। लगभग सभी ने उनकी गेंदबाजी के बारे में बहुत बात की है और मैंने इसका आनंद भी लिया है। इसलिए उसका सामना करना दिलचस्प होगा, क्योंकि उसके पास काफी भिन्नताएं हैं। वह गुगली, लेग स्पिन और टॉप स्पिन कर सकता है। यह वास्तव में मजेदार होगा कि मैदान में मैं उसका सामना करूं।’’

सचिन उस दौर में खेलते थे जब वनडे में सिर्फ एक गेंद का इस्तेमाल होता है। आज के समय में दोनों छोर से अलग-अलग गेंद का इस्तेमाल किया जाता है। तेंदुलकर ने बताया कि उन्हें शाम में बल्लेबाजी करने में ज्यादा मजा आता था। उस समय गेंद सॉफ्ट हो जाता था और बल्लेबाजों को उसका सामना करने में मजा आता था। सचिन ने 200 वनडे में 15921, 463 वनडे में 18426 और 1 टी20 में 10 रन बनाए हैं। उन्होंने 78 आईपीएल मैचों में 2334 रन बनाए।