साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट में 64 ओवर में 20 विकेट गिर गए। डरबन में दूसरे दिन गुरुवार (28 नवंबर) को साउथ अफ्रीका की टीम पहली पारी में 49.4 ओवर में 191 रन पर आउट हुई। इसके बाद श्रीलंका की टीम 13.5 ओवर में 42 रन पर आउट हो गई। यह श्रीलंका का न्यूनतम टेस्ट स्कोर है।
इससे पहले श्रीलंका की टीम का न्यूनतम टेस्ट स्कोर 71 था। पाकिस्तान ने उसे 1994 में इस स्कोर पर आउट किया था। साउथ अफ्रीका के लिए मार्को यानसेन ने 7 विकेट लिए। कगिसो रबाडा को 1 और गेराल्ड कोएट्जी को 2 विकेट मिले। इससे पहले श्रीलंका के तेज गेंदबाज आसिथा फर्नांडो और लहिरू कुमारा ने 3-3 और विश्वा फर्नांडो ने 2 विकेट लिए थे। तेज गेंदबाजों ने 18 विकेट लिए। 2 विकेट श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने लिए।
श्रीलंका के केवल 2 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए
श्रीलंका की बल्लेबाजी की बात करें तो केवल 2 बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। कामिंदू मेंडिस ने सबसे ज्याद 13 और लहिरू कुमारा ने नाबाद 10 रन बनाए। 5 बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए। दिनेश चांदीमल, कुसल मेंडिस, प्रभात जयसूर्या,विश्वा फर्नांडो और आसिथा फर्नांडो बगैर खाता खोले आउट हुए।
42 में से 6 रन नो बॉल, वाइड और बाय से बने
इसके अलावा प्रथुम निसांका 3, दिमुथ करुणारत्ने 2, एंजलो मैथ्यूज 1 और कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 7 रन बनाए। श्रीलंका के कुल स्कोर 42 में से 6 रन नो बॉल, वाइड और बाय से बने। 4 रन नोबॉल, 1 रन लेग बाय और 1 रन बाय से मिले। श्रीलंका के 42 रन पर आउट होने से साउथ अफ्रीका को 149 रन की बढ़त मिली। इससे पहले साउथ अफ्रीका की टीम ने कप्तान टेम्बा बावुमा के जुझारू अर्धशतक से 191 रन बनाए। पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए लिंक पर क्लिक करें।