इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025)में रविवार (18 मई) को पंजाब किंग्स (PBKS) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 219 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। नेहल वढेरा के बाद अंत के ओवरों में शशांक सिंह की तूफानी पारी के बदौलत पंजाब किंग्स इतना बड़ा स्कोर खड़ा कर पाई। शशांक ने 30 गेंद पर 59 रन ठोके और श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली फ्रेंचाइजी ने उनका ‘नामकरण’कर दिया।
पंजाब किंग्स ने तूफानी पारी के बाद एक्स पर दाएं हाथ के इस बल्लेबाज के लिए शशांक डिविलियर्स लिखा। शशांक ने राजस्थान के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ी उसे देखकर साउथ अफ्रीका और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स की याद दिला दी। शशांक ने 196.67 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए और 30 गेंद पर 59 रन बनाकर नाबाद रहे।
आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक
शशांक के आईपीएल करियर का यह चौथा अर्धशतक था। 2025 में उनका दूसरा अर्धशतक था। इससे पहले 2024 में उन्होंने 2 अर्धशतक जड़े थे। शशांक ने 2025 में 12 मैच में 68.25 के औसत से 273 रन बनाए हैं। 151.67 का स्ट्राइक रेट रहा है। उन्होंने 20 चौके और 12 छक्के लगाए हैं। आईपीएल 2024 में शशांक सिंह ने 14 मैच में 44.25 के औसत से 354 रन बनाए थे।
शशांक सिंह का आईपीएल करियर
शशांक सिंह ने आईपीएल 2024 में सुर्खियां बंटोरी थीं। उन्होंने 164.65 के स्ट्राइक से रन ठोके थे उन्होंने 28 चौके और 21 छक्के लगाए हैं। शशांक ने 2022 में आईपीएल डेब्यू किया था। 10 मैच में 69 रन बनाए थे। तब वह सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा थे। शशांक सिंह ने 36 मैच में 43.50 के औसत और 157.47 के स्ट्राइक रेट से 696 रन बनाए। नाबाद 68 उनका सर्वोच्च स्कोर है।