मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा 10 टी20 फाइनल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। वह सबसे ज्यादा टी20 फाइनल जीतने वाले कप्तान बन गए हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में अब तक सात टी20 फाइनल खेले हैं और सभी में उनकी टीम चैंपियन बनी है। उनकी कप्तानी मुंबई इंडियंस ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती। मुंबई इंडियंस ने उनकी कप्तानी में ही साल 2013 में चैंपियंस लीग ट्वंटी20 जीती। साल 2018 में उनकी अगुआई में भारतीय क्रिकेट टीम ने निदाहास ट्रॉफी अपने नाम की।

रोहित शर्मा 2011 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं। उनके रहते हुए मुंबई इंडिंयस ने 2011 में भी चैंपियंस लीग ट्वंटी20 की ट्रॉफी अपने नाम की थी। मुंबई इंडियंस से पहले रोहित शर्मा 2008 से 2010 तक डेक्कन चार्जर्स का भी हिस्सा रह चुके हैं। साल 2009 में डेक्कन चार्जर्स भी आईपीएल ट्रॉफी जीत चुकी है। रोहित शर्मा 2007 में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया का भी हिस्सा रह चुके हैं। हालांकि, सबसे ज्यादा आईपीएल फाइनल जीतने का रिकॉर्ड कीरोन पोलार्ड के नाम है। पोलार्ड ने हमवतन ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ा। पोलार्ड के नाम अब 15 आईपीएल खिताब हो गए हैं। वहीं, ब्रावो अब तक 14 आईपीएल खिताब ही जीत पाए हैं।

इस मामले में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के पति शोएब मलिक हैं। शोएब मलिक अब तक 12 टी20 खिताब जीत चुके हैं। रोहित शर्मा के बाद लसिथ मलिंगा का नंबर आता है। श्रीलंका का यह दिग्गज तेज गेंदबाज अब तक 9 टी20 खिताब जीत चुका है।

सबसे ज्यादा टी20 टूर्नामेंट जीतने वाले भारतीयों में सुरेश रैना दूसरे नंबर पर हैं। रैना के नाम 8 टी20 खिताब हैं। वहीं, महेंद्र सिंह धोनी और अंबाती रायुडू संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर हैं। दोनों के नाम 7-7 टी20 खिताब हैं। हार्दिक पंड्या और रविचंद्रन अश्विन 6-6 टी20 खिताब जीतकर चौथे नंबर पर हैं।

सीमित ओवर फॉर्मेट में टीम इंडिया के उप कप्तान रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के लिए 4000 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। रोहित मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए अब तक 4060 रन बना चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में बतौर कप्तान अपने 3000 रन भी पूरे कर लिए हैं। उनके आईपीएल में बतौर कप्तान 3015 रन हो गए हैं।