Rohit Sharma vs MS Dhoni: रोहित शर्मा और एमएस धोनी में कौन बेस्ट कैप्टन है। ये सवाल किसी भी भारतीय खिलाड़ी से पूछा जाए तो इसका जवाब देना मुश्किल होगा, लेकिन भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे ने इसका जवाब कुछ ऐसा दिया कि आप भी कह उठेंगे कि वाह उन्होंने क्या दिमाग पाया है। शिवम दुबे एमएस धोनी और रोहित शर्मा दोनों की कप्तानी में खेल चुके हैं।

इस भारतीय ऑलराउंडर का क्रिकेट करियर साल 2022 और 2023 आईपीएल सीजन में धोनी के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए चमका था और फिर उन्होंने भारतीय टीम में भी अपने इसी प्रदर्शन की वजह से एंट्री मारी थी। धोनी ने बतौर कप्तान सीएसके के लिए आखिरी आईपीएल खिताब साल 2023 में जीता था और टीम की इस जीत में शिवम दुबे की भूमिका काफी अहम रही थी। इसके अलावा शिवम उस भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब जीता था।

शिवम दुबे के जवाब ने जीता सबका दिल

हाल ही में कपिल शर्मा के शो पर शिवम दुबे से पूछा गया कि रोहित शर्मा और एमएस धोनी में कौन बेस्ट कैप्टन हैं। इस सवाल पर शिवम दुबे को वहां पर मौजूद भारतीय वनडे और टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा साथ ही टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन्हें चिढ़ाया। रोहित ने कहा कि अब तो शिवम फंस गया तो वहीं सूर्यकुमार यादव ने कहा कि ये तो आपने बहुत ही मुश्किल सवाल पूछ लिया। हालांकि दुबे ने इसका स्मार्ट आंसर किया और कहा कि जब मैं चेन्नई के लिए खेल रहा होता हूं, तो एमएस धोनी सर्वश्रेष्ठ होते हैं और जब मैं भारत के लिए खेल रहा होता हूं, तो रोहित शर्मा सर्वश्रेष्ठ होते हैं।