भारतीय क्रिकेट टीम के वर्तमान में दो सबसे बड़े खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा की वनडे टीम में वापसी हो चुकी है। यह दोनों खिलाड़ी टी20 व टेस्ट से रिटायरमेंट के बाद अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में ही नजर आएंगे। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल के बाद पहली बार दोनों खिलाड़ी 19 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में नजर आ सकते हैं। अब रोहित शर्मा को एक पाकिस्तान में जन्मे क्रिकेटर ने अपनी खास टीम का कप्तान बताया है।
रोहित शर्मा को वनडे की कप्तानी से हटाने का मुद्दा काफी चर्चा में बना हुआ है। ऐसे में रोहित शर्मा पर हर कोई अपनी-अपनी राय दे रहा है। इसी कड़ी में पाकिस्तान के सियालकोट में जन्मे जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने एक इंटरव्यू में अपनी बेस्ट सर्वकालिक टी20 की प्लेइंग 11 बताई है। उन्होंने अपनी इस टीम का कप्तान भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2024 में विश्व विजेता बनाने वाले रोहित शर्मा को बताया है।
धोनी और विराट को किया बाहर
साथ ही सबसे बड़ी बात जो है कि उनकी इस ऑलटाइम टी20 की प्लेइंग 11 में विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी नहीं शामिल हैं। जबकि रोहित के अलावा भारतीय खिलाड़ियों में उन्होंने रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह को भी चुना है। वहीं पाकिस्तान के खिलाड़ी शाहिन अफरीदी भी इस टीम में शामिल हैं। इसके अलावा क्रिस गेल को रोहित शर्मा के साथ बतौर दूसरा ओपनर रजा ने चुना है। यानी पेस तिकड़ी में बुमराह, शाहीन और मिचेल स्टार्क मौजूद हैं। दुनिया की किसी भी टीम में यह तीनों गेंदबाज होंगे तो वो निश्चित ही सबसे मजबूत कहलाएगी।
सिकंदर रजा की ऑलटाइम टी20 प्लेइंग 11
रोहित शर्मा (कप्तान), क्रिस गेल, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), एबी डिविलियर्स, हेनरिक क्लासेन, कीरोन पोलार्ड, रविंद्र जडेजा, राशिद खान, शाहीन अफरीदी, मिचेल स्टार्क, जसप्रीत बुमराह।
रोहित शर्मा की नजरें वनडे में कमबैक पर
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा एक नए अंदाज में वनडे क्रिकेट में वापसी के लिए तैयार हैं। पहले उनके बढ़ते वजन और भारी शरीर पर बहुत मजाक बनाया जाता था। लेकिन हाल ही में उन्होंने करीब 11 किलो से अधिक वजन घटाया है। इसका उदाहरण साफतौर पर हाल ही में एक अवॉर्ड समारोह के दौरान दिखा जब वह डैशिंग लुक में नजर आए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया सीरीज में वापसी पर उत्सुकता भी जताई थी। रोहिक की नजरें 2027 वर्ल्ड कप में उस ख्वाब को पूरा करने पर होंगी जिसे वह बतौर कप्तान 2023 में नहीं पूरा कर पाए थे। फैंस भी रोहित शर्मा के साथ अब इस सपने को पूरा करने की उम्मीद लेकर बैठे हैं।