भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2022 (IPL 2022) से पहले अपनी फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के साथ जुड़ चुके हैं। इसी बीच उनकी मुलाकात अपनी टीम के युवा खिलाड़ी और सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर से भी हुई। इस मुलाकात का वीडियो फ्रेंचाइजी ने ट्विटर पर शेयर किया जिसमें रोहित (Rohit Sharma) अर्जुन से उनके माता-पिता और बहन सारा तेंदुलकर का हाल पूछ रहे हैं।

मुंबई इंडियंस ने रविवार शाम ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में टीम के कप्तान रोहित शर्मा अर्जुन तेंदुलकर से जाकर मिलते हैं। इस दौरान वह उनके परिवार का हालचाल पूछते हैं। वह पूछते हैं कैसा है, अर्जुन कहते हैं सब बढ़िया। आपके डैड और मॉम कैसे हैं इसका भी अर्जुन यही जवाब देते हैं। फिर रोहित पूछते हैं दीदी (सारा तेंदुलकर), जिसके जवाब में अर्जुन कहते हैं दीदी लंदन में है।

इस वीडियो की एंट्री में रोहित शर्मा परिचय करवाते हुए कहते हैं, ये हैं नरेश, नागेंद्र प्रसाद और वन एंड ऑनली अर्जुन तेंदुलकर। इसके बाद रोहित सचिन तेंदुलकर के बेटे से बातचीत करते हुए हालचाल पूछते हैं। इसके बाद इस वीडियो में मुंबई इंडियंस के सभी खिलाड़ी इकट्ठे नजर आते हैं। इसमें पोलार्ड और रोहित शर्मा की मुलाकात भी है। इसके अलावा मेगा ऑक्शन के सबसे महंगे खिलाड़ी इशान किशन टॉय गन से खेलते नजर आते हैं।

गौरतलब है कि इस बार आईपीएल के सभी 70 लीग मैच मुंबई (55) और पुणे (15) में होंगे। मुंबई इंडियंस ने अपने खिलाड़ियों के लिए मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में बायो सिक्योर ‘एमआई एरिना’ तैयार किया है। यह एरिना लगभग 13 हजार स्क्वायर मीटर में फैला हुआ है। इसी एरिना को आप ट्विटर पर शेयर किए गए इस वीडियो में भी देख सकते हैं।

मुंबई इंडियंस 27 मार्च को ब्रेबोर्न स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से आईपीएल 2022 के अभियान का आगाज करेगी। इस बार आईपीएल ग्रुप वाइज खेला जा रहा है और मुंबई इंडियंस को राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ग्रुप-ए में रखा गया है।