रॉबिन उथप्पा ने पिछले 5 साल से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला है। हालांकि, वह घरेलू क्रिकेट में लगातार सक्रिय हैं और शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। वह आईपीएल में 4000 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले छठे भारतीय हैं। सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने वालों की टॉप-10 लिस्ट में भी उनका नाम शामिल है। आईपीएल में वह 2014 से कोलकाता नाइटराइडर्स का हिस्सा हैं। उससे पहले वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर, पुणे वॉरियर्स इंडिया की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने कई मौकों पर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है।

रॉबिन उथप्पा ने 3 मार्च 2016 को भारत की पूर्व टेनिस खिलाड़ी शीतल गौतम से शादी रचाई थी। दोनों एक दूसरे को काफी लंबे समय से डेट कर रहे थे। साल 2009 में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उथप्पा और शीतल की मुलाकात हुई थी। रॉबिन पहली ही नजर में शीतल को दिल दे बैठे थे। दोनों एक-दूसरे से मिलते रहे। फिर उथप्पा ने शीतल से अपनी दिल की बात कही। शीतल को भी उथप्पा स्वीकार थे। दोनों का अफेयर लंबे समय तक चला। हालांकि, अलग-अलग धर्म के होने के कारण उनकी शादी में कई रोड़े भी आए। रॉबिन ईसाई जबकि शीतल हिंदू हैं। दोनों के घर वाले उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे।

वहीं, उथप्पा शीतल को प्रपोज कर चुके थे। शीतल ने भी हामी भर दी थी, लेकिन दोनों के सामने बड़ा सवाल था अपने परिजनों को मनाने का। आखिरकार उथप्पा किसी तरह अपने परिवार को मनाने में सफल रहे। शीतल के घरवालों ने भी शादी के लिए हां कर दी। इसके बाद दोनों 3 मार्च 2016 में शादी के बंधन में बंध गए। दोनों ने पहले ईसाई धर्म के अनुसार शादी की, शाम को रिसेप्शन रखा गया। एक हफ्ते बाद 11 मार्च को दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से शादी की। यहां यह जानना जरूरी है कि ईसाई धर्म के अनुसार शादी की पूरी जिम्मेदारी शीतल ने ही संभाली थी।

दोनों से जुड़ी कुछ खास जानकारियां: दोनों का अफेयर करीब 8 साल तक चला लेकिन शीतल शादी से पहले कभी भी रॉबिन का मैच देखने मैदान पर नहीं गईं थीं। उथप्पा का जन्म 11 नवंबर 1985 को हुआ था, जबकि शीतल 28 जुलाई 1987 को जन्मीं थीं। रॉबिन ने शीतल को उनके 30वीं वर्षगांठ पर प्रपोज किया था और उसी दिन दुनिया को दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था।

यह भी रोचक है कि जिस दिन शीतल और उथप्पा की सगाई हुई, उसी दिन युवराज सिंह और हेजल कीच की भी सगाई हुई थी। यही नहीं, उथप्पा और शीतल की शादी और क्रिकेटर धवल कुलकर्णी और श्रद्धा करपड़े की शादी की तारीख भी एक ही है। शीतल और रॉबिन सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। दोनों अक्सर इंस्टाग्राम पर अपनी पिक्स पोस्ट करते रहते हैं। शीतल और रॉबिन के एक बेटा है।