भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर अभी चीजें स्पष्ट नहीं हो पाई है। धोनी वर्ल्ड कप के बाद से ही टीम इंडिया का हिस्सा नहीं है। अगले महीने से बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सीरीज में धोनी टीम में शामिल नहीं किए गए हैं। इस बीच धोनी के संन्यास की अफवाहों ने जमकर सुर्खियां बटोरने का काम किया। धोनी के उत्तराधिकारी माने जाने वाले ऋषभ पंत पर एक बार फिर टीम ने भरोसा जताया है। पंत के पास एक बार फिर खुद को साबित करने की चुनौती होगी। टी-20 और वनडे में बतौर विकेटकीपर अभी तक वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकें हैं। ऋषभ पंत शुक्रवार को अपने गुरु धोनी से मिलने उनके रांची वाले फॉर्म हाउस पहुंचे। ऋषभ ने इस मुलाकात की तस्वीर को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, ‘Good Vibes Only’। इसके साथ उन्होंने धोनी को भी इस पोस्ट में टैग किया।

बता दें कि चयनसमिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने गुरुवार को साफ किया कि वह ऋषभ पंत को लंबे समय तक मौका देने की मंशा रखते हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धोनी भी युवाओं को अवसर प्रदान करने के चयनकर्ताओं के रवैये से सहमत हैं। धोनी ने 50 ओवरों के विश्व कप के बाद से खुद को चयन के लिए अनुपलब्ध रखा है। चयनसमिति ने गुरुवार को बांग्लादेश सीरीज के लिए पंत के साथ संजू सैमसन को भी विकेटकीपर के तौर पर टी20 में शामिल किया है।

प्रसाद ने कहा कि वह पहले ही कह चुके हैं कि अब धोनी से आगे सोचने की जरूरत है और उनके टीम में चयन में यह दिखता है। उन्होंने कहा, ‘विश्व कप के बाद मैंने साफ कर दिया था कि हम अब आगे बढ़ रहे हैं। हम युवाओं को मौका दे रहे हैं और देखिए वह टीम में खुद को स्थापित कर रहे हैं। ऋषभ पंत अच्छा कर रहा है और संजू सैमसन की टीम में वापसी हुई है, मुझे पूरा विश्वास है कि आप हमारी विचार प्रक्रिया को समझ रहे होंगे।’

 

View this post on Instagram

 

Good Vibes Only @mahi7781

A post shared by Rishabh Pant (@rishabpant) on